चक्रधरपुर नप क्षेत्र में सफाई व्यवस्था फेल, कचरा उठाव कंपनी पर कार्रवाई की अनुशंसा

नप अध्यक्ष सन्नी उरांव
चक्रधरपुर नगर परिषद में कचरा उठाव कंपनी की लापरवाही से फैली गंदगी। अध्यक्ष ने नगर विकास सचिव को पत्र लिखकर कंपनी का अनुबंध रद्द करने की मांग की है।
प्रतिनिधि, चक्रधरपुर: चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य कर रही अचीवर एनवायरो कंपनी पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है. इस संबंध में झारखंड के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव को शिकायत पत्र भेजा गया है. पत्र में नप अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कंपनी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए उसका अनुबंध रद्द करने की मांग की है.
शिकायत में कहा गया कि कंपनी नियमित रूप से घर-घर से कचरा संग्रहण नहीं कर रही है. कई वार्डों में कई दिनों तक कचरा जमा रहता है. गंदगी फैलती है. नगर परिषद से उपलब्ध करायी गयी अधिकतर कचरा उठाव गाड़ियां रखरखाव के अभाव में कबाड़ में तब्दील हो चुकी हैं. कुल 23 वार्डों वाले नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि कंपनी स्वच्छता मानकों का पालन नहीं कर रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. नगर परिषद द्वारा कई बार लिखित और मौखिक चेतावनी देने के बावजूद कंपनी की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










