ePaper

Chaibasa News : क्वार्टर फाइनल में बीएसएफ जालंधर ने आरटीएफसी हैदराबाद को 4-0 से रौंदा

Updated at : 08 Feb 2026 12:10 AM (IST)
विज्ञापन
Chaibasa News : क्वार्टर फाइनल में बीएसएफ जालंधर ने आरटीएफसी हैदराबाद को 4-0 से रौंदा

दो गोल करने वाले शोमी सॉन्ग सिराक को मिला मैन द मैच का पुरस्कार

विज्ञापन

चक्रधरपुर. 29वें स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत शनिवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गत विजेता बीएसएफ जालंधर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरटीएफसी हैदराबाद को एकतरफा मुकाबले में 4-0 के बड़े अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. इस जीत के साथ अब बीएसएफ जालंधर का मुकाबला 9 फरवरी को सेमीफाइनल में टाटा मोटर्स जमशेदपुर से होगा. मैच की शुरुआत से ही बीएसएफ जालंधर की टीम पूरी तरह हावी नजर आयी. जालंधर ने सधा और आक्रामक फुटबॉल खेलते हुए हैदराबाद की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाये रखा. मैच के 10वें मिनट में शोमी सॉन्ग सिराक ने शानदार मूव को अंजाम देते हुए गोल दागकर जालंधर को 1-0 की बढ़त दिला दी. हैदराबाद की टीम बराबरी के लिए प्रयास करती रही, पर जालंधर के मजबूत डिफेंस और तेज काउंटर अटैक के आगे सभी प्रयास नाकाम रहे. मैच के 39वें मिनट में आनंदू कृष्णन ने एक सटीक शॉट लगाकर दूसरा गोल किया और स्कोर 2-0 कर दिया. मध्यांतर तक बीएसएफ जालंधर की यह बढ़त कायम रही.

मैच के 64वें मिनट में किशोरी ने शानदार गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया. इसके बाद 76वें मिनट में शोमी सॉन्ग सिराक ने अपना दूसरा व्यक्तिगत गोल करते हुए टीम के लिए चौथा गोल दागा और मुकाबले को पूरी तरह जालंधर के पक्ष में कर दिया. अंत तक 4-0 का स्कोर बरकरार रहा. बीएसएफ जालंधर ने दमदार जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. दो गोल करने वाले शोमी सॉन्ग सिराक को शानदार प्रदर्शन के लिए विधायक जगत माझी ने पुरस्कृत किया. 9 फरवरी को बीएसएफ जालंधर का सामना मजबूत टाटा मोटर्स जमशेदपुर से होगा.

डीएमएसएफ चक्रधरपुर बनाम गढ़वाल एससी देहरादून के बीच मुकाबला आज

चक्रधरपुर. 29वीं स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रविवार, 8 फरवरी को सेरसा स्थित इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में खेला जाएगा. इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में ग्रुप ‘बी’ की दो मजबूत टीमें डीएमएसएफ चक्रधरपुर और गढ़वाल एससी देहरादून आमने-सामने होंगी. टूर्नामेंट के रोमांचक सफर के बाद यह मुकाबला दर्शकों को उच्चस्तरीय फुटबॉल और कड़े संघर्ष का साक्षी बनने का अवसर देगा.

गढ़वाल एससी देहरादून का अब तक का सफर :

गढ़वाल एससी देहरादून ने प्रतियोगिता में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनायी है. टीम ने अपने पहले मुकाबले में एमकेएससी बक्सर को हराया, वहीं क्वार्टर फाइनल में उसने जेबीएम लखनऊ जैसी सशक्त टीम को पराजित कर अंतिम चार में प्रवेश किया. देहरादून की टीम की पहचान मजबूत और अनुशासित डिफेंस के साथ तेज काउंटर अटैक रही है, जिसने उसे निर्णायक पलों में बढ़त दिलायी है.

डीएमएसएफ चक्रधरपुर का दमदार प्रदर्शन :

डीएमएसएफ चक्रधरपुर ने भी पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया है. टीम ने अपने पहले मुकाबले में पीयरलेस कोलकाता को शिकस्त दी, जबकि क्वार्टर फाइनल में उसने सेल बोकारो जैसी मजबूत टीम को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. प्री-क्वार्टर और क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में टीम के आक्रामक खेल, बेहतरीन तालमेल और शानदार फिटनेस ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. घरेलू दर्शकों के समर्थन के चलते डीएमएसएफ चक्रधरपुर इस समय खेल प्रेमियों की पहली पसंद बनकर उभरी है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola