‘ढाई आखर’ में 31 अक्टूबर तक भेजें हस्तलिखित चिट्ठी, 50 हजार तक का पुरस्कार

Updated:
विज्ञापन

बोकारो प्रधान डाकघर सेक्टर-02 कार्यालय | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डाक विभाग 'ढाई आखर' पत्र लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को कागज-कलम से जोड़ रहा है. इस बार 'धरती मां के नाम' पत्र लिखना है, जहाँ आप प्रकृति संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं. 31 अक्टूबर 2026 तक भेजें अपनी हस्तलिखित चिट्ठी और जीतें 50 हजार रुपये तक का पुरस्कार.

विज्ञापन

बोकारो. मोबाइल और इंटरनेट के दौर में डाक विभाग लोगों को एक बार फिर कागज और कलम से जोड़ने की पहल कर रहा है. भारतीय डाक विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की है. इस बार प्रतियोगिता का विषय ‘एक चिट्ठी धरती मां के नाम : प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा’ रखा गया है. प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक पात्र प्रतिभागी 31 अक्टूबर 2026 तक अपनी हस्तलिखित प्रविष्टि भेज सकेंगे.

विज्ञापन

केवल हस्तलिखित पत्र होंगे मान्य

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने विचार, चिंता और संकल्प को चिट्ठी के माध्यम से व्यक्त करना होगा. प्रविष्टियां केवल हस्तलिखित होनी चाहिए. मोबाइल, कंप्यूटर या प्रिंटर से तैयार की गयी चिट्ठियां प्रतियोगिता के लिए मान्य नहीं होंगी. प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा स्थानीय भाषा में पत्र लिख सकते हैं.

दो आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनायी गयी हैं. दोनों आयु वर्गों में अंतर्देशीय पत्र कार्ड और लिफाफा श्रेणी होगी. अंतर्देशीय पत्र कार्ड में अधिकतम 500 शब्द और लिफाफा श्रेणी में ए-4 आकार के कागज पर अधिकतम 1000 शब्द लिखे जा सकेंगे. प्रतिभागियों से मौलिक और प्रभावी तरीके से अपने विचार चिट्ठी के रूप में प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गयी है.

झारखंड सर्किल में प्रथम को 25 हजार

प्रतियोगिता में पहले सर्किल स्तर पर श्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन किया जायेगा. झारखंड सर्किल स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली प्रविष्टियों को क्रमश: 25 हजार, 10 हजार और पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा. सर्किल स्तर पर चयनित प्रविष्टियां राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए डाक निदेशालय, नयी दिल्ली भेजी जायेंगी.

राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ तीन प्रविष्टियों को क्रमश: 50 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा. इस तरह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाला प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर 50 हजार रुपये तक का पुरस्कार जीत सकता है.

प्रकृति संरक्षण पर लिख सकेंगे चिट्ठी

इस बार प्रतियोगिता का विषय पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा है. प्रतिभागी पेड़-पौधों के संरक्षण, जल बचाने, प्रदूषण कम करने, जंगलों की रक्षा, प्लास्टिक का उपयोग घटाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं. चिट्ठी के माध्यम से धरती के प्रति अपनी जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी सामने रखा जा सकता है.

स्कूल-कॉलेजों में सहभागिता बढ़ाने का निर्देश

धनबाद डिवीजन के वरिष्ठ डाक अधीक्षक रूपक कुमार सिन्हा ने बोकारो और धनबाद के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव को स्थानीय स्कूलों से संपर्क कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिता से जोड़ने का निर्देश दिया है. साथ ही प्रतिभागियों का विवरण निर्धारित समय पर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है.

सहायक डाक अधीक्षक, बोकारो अनूप कुमार ने कहा कि ‘ढाई आखर’ विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी रचनात्मकता और विचार व्यक्त करने का मंच देता है. इस बार विषय प्रकृति संरक्षण से जुड़ा होने के कारण प्रतिभागियों को पर्यावरण के प्रति अपनी सोच और जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने बोकारो के स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों समेत सभी पात्र प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की.

ये भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में दर्दनाक हादसा, कोयला लदे ट्रैक्टर की चपेट में आकर 21 वर्षीय युवक की मौत

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola