बोकारो स्टील प्लांट में हाइड्रोलिक ऑयल लीकेज पर बड़ा एक्शन, लागत और पर्यावरण बचाने के लिए उठाया यह कदम
कार्यक्रम के दौरान अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
बोकारो इस्पात संयंत्र ने हाइड्रोलिक ऑयल बचाने का अभियान छेड़ा है. इसका लक्ष्य लीकेज रोकना, विवेकपूर्ण उपयोग और इस्तेमाल तेल का रीसाइकिल कर लागत व पर्यावरण बचाना है.
बोकारो. बोकारो इस्पात संयंत्र के तकनीकी सेल विभाग की ओर से हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण पर आयोजित अर्धदिवसीय सेमिनार की निरंतरता में सोमवार को स्टील मेल्टिंग शॉप-न्यू (एसएमएस-न्यू) विभाग में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया. इसमें हाइड्रोलिक प्रणालियों के संचालन और रखरखाव से जुड़े अधिकारियों, गैर-कार्यपालक कर्मचारियों तथा संविदा कर्मियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेल) और मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-न्यू) मौजूद रहे.
बोकारो इस्पात संयंत्र की ओर से हाइड्रोलिक ऑयल की खपत कम करने और इसके संरक्षण के लिए संयंत्र-व्यापी अभियान शुरू किया गया है. इसका उद्देश्य संसाधन संरक्षण, लागत अनुकूलन और पर्यावरणीय संधारणीयता को मजबूत करना है.
लीकेज रोकने और विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर
सत्र के दौरान तकनीकी सेल विभाग की ओर से तकनीकी प्रस्तुति दी गयी. इसमें हाइड्रोलिक ऑयल के विवेकपूर्ण उपयोग, लीकेज की तत्काल रोकथाम, परिचालन के दौरान सतर्कता तथा रखरखाव से निकलने वाले प्रयुक्त ऑयल के उचित संग्रहण और पुनर्प्रयोग के महत्व की जानकारी दी गयी.
मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेल) और मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-न्यू) ने कर्मियों से हाइड्रोलिक प्रणालियों की परिचालन विश्वसनीयता बनाये रखते हुए ऑयल की खपत में सुनियोजित कमी लाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रयुक्त ऑयल के बेहतर संग्रहण और रीजेनेरेशन से नये ऑयल की आवश्यकता और उत्पादन लागत कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही, ऑयल के अपव्यय और निस्तारण से होने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा.
अन्य प्रमुख विभागों में भी होंगे सत्र
संयंत्र में हाइड्रोलिक ऑयल का उपयोग करने वाले अन्य प्रमुख विभागों में भी अगले 7 से 10 दिनों के भीतर ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित किये जायेंगे. अभियान के माध्यम से कर्मियों को संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और अपव्यय को कम करने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
यह पहल संयंत्र में जिम्मेदार रखरखाव पद्धतियों, प्रक्रियात्मक दक्षता और चक्रीय अर्थव्यवस्था के सिद्धांतों को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है. हाइड्रोलिक ऑयल के संरक्षण और पुनर्प्रयोग पर जोर देने से संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ लागत अनुकूलन के प्रयासों को भी बल मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: कसमार की दुर्गा पहाड़ी बनेगी पर्यटन केंद्र, जानिए ग्रामीणों ने क्यों उठाई सीढ़ी निर्माण की बीड़ा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए