कसमार की दुर्गा पहाड़ी बनेगी पर्यटन केंद्र, जानिए ग्रामीणों ने क्यों उठाई सीढ़ी निर्माण की बीड़ा
बैठक में मौजूद मुखिया एवं कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network
बोकारो की दुर्गा पहाड़ी को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. ग्रामीणों ने पहाड़ी पर सीढ़ी निर्माण की पहल की है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा हो. यह सामूहिक प्रयास क्षेत्र में पर्यटन की नई संभावनाएं पैदा करेगा.
बोकारो. दुर्गापुर पंचायत क्षेत्र स्थित दुर्गा पहाड़ी को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में ग्रामीणों ने पहल तेज कर दी है. पहाड़ी तक आवागमन सुगम बनाने के लिए सीढ़ी निर्माण को लेकर जोहार बाबा बड़राव बड़पाहाड़ सेवा सुसार कमेटी की बैठक हुई. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. बैठक में सीढ़ी निर्माण की प्रगति के साथ आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी.
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को होगी सुविधा
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दुर्गा पहाड़ी में प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से काफी संभावनाएं हैं. वर्तमान में पहाड़ी तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है. ऐसे में सीढ़ी निर्माण होने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. वक्ताओं ने कहा कि आवश्यक सुविधाओं का विकास होने पर आने वाले समय में दुर्गा पहाड़ी क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं.
सामूहिक सहयोग से पूरा होगा निर्माण कार्य
दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो ने कहा कि सीढ़ी निर्माण का कार्य किसी एक व्यक्ति या संस्था के प्रयास से पूरा नहीं हो सकता. इसके लिए समाज के सभी लोगों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है. उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध लोगों और ग्रामीणों से निर्माण कार्य में शारीरिक श्रमदान के साथ आर्थिक सहयोग करने की अपील की, ताकि काम को गति दी जा सके.
चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की योजना
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पहाड़ी के विकास का उद्देश्य केवल सीढ़ी का निर्माण करना नहीं है. आने वाले समय में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है. ग्रामीणों के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करने पर विचार किया जा रहा है. बैठक में सामूहिक प्रयास से दुर्गा पहाड़ी को क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की उम्मीद जतायी गयी.
बैठक में मुखिया अमरेश महतो के अलावा कमेटी के पंचानन महतो, सृष्टिधर महतो, फुलेश्वर महतो, सहदेव महतो, मानिक महतो, प्रयाग महतो, रंजीत महतो, दयाल महतो, परमेश्वर महतो, हरजीवन महतो, संतोष महतो सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: बोकारो सामूहिक दुष्कर्म मामला: साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने तीन अभियुक्तों को किया बरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए