Bokaro News: सभी मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था को लेकर प्रतिनियुक्त रहेंगे विशेष दंडाधिकारी : डीइओ

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 17 Feb 2026 10:20 PM

विज्ञापन

Bokaro News: नगरपालिका चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी कराने को लेकर हुई बैठक, डीइओ व एसपी 20 फरवरी को करेंगे विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण.

विज्ञापन

बोकारो, नगरपालिका चुनाव को लेकर समाहरणालय सभागार में मंगलवार को विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन व आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक का उद्देश्य मतदान दिवस पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करना था. अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीइओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने की. डीइओ ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनायें रखने के लिए विशेष दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. प्रतिनियुक्त होने वाले प्रत्येक दंडाधिकारी को उनके क्षेत्र की जिम्मेदारी समझायी जाये व मतदान समाप्ति तक वे अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से उपस्थित रहेंगे. कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही व शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी.

अति व संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था

अति संवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्र की समीक्षा की गयी. इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने, स्थानीय पुलिस बल की सक्रिय गश्ती बढ़ाने को कहा गया. डीइओ ने कहा कि ज्यादा मतदाताओं वाले -मतदान केंद्रों तथा संकीर्ण मार्ग वाले मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जायेगी. इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी.

मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध

डीइओ श्री झा ने निर्देश दिया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, इस संबंध में प्रवेश द्वार पर ही सख्ती से निगरानी रखी जाये. मतदान केंद्रों पर लंबी कतार की स्थिति से बचने के लिए क्यू मैनेजमेंट के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जायेगी. मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन व गर्भवती महिलाओं के केंद्र पर आने – जाने के लिए वाहन (टोटो) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

किसी भी सूचना से विचलित ना हों, एसओपी के अनुरूप करें कार्रवाई

डीइओ ने कहा कि किसी भी घटना या सूचना से टीम विचलित नहीं हो. निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए विधिसम्मत व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. अफवाहों पर नियंत्रण रखने व सूचना के त्वरित सत्यापन पर भी विशेष बल दिया गया. जानकारी दी गयी कि 20 फरवरी को डीइओ सह डीसी व एसपी द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त भौतिक निरीक्षण किया जायेगा. सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की जायेगी.

मूलभूत सुविधाओं का ऑडिट, क्रॉस एंगल में सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करें : एसपी

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सभी मतदान केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं – पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति व जेनरेटर – की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा: प्रत्येक मतदान केंद्र की मूलभूत सुविधाओं की ऑडिट रिपोर्ट थाना प्रभारी समर्पित करेंगे. साथ ही सीसीटीवी कैमरों को क्रॉस एंगल में अधिष्ठापित किया जाए, ताकि मतदान कक्ष एवं प्रवेश-निकास द्वार पर व्यापक कवरेज मिल सके.

सामान्य प्रेक्षकों ने भी दिये सुझाव

चास नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्याम नारायण राम व फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने भी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने संबंधी सुझाव दिये. बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सफीक आलम, निर्वाची पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, मुकेश मछुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चास प्रवीण कुमार, एसडीपीओ बेरमो बीएन सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार व अन्य मौजूद थे.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola