Bokaro News: महिला सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहें पुलिस अधिकारी : एसपी

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 11 Feb 2026 10:01 PM

विज्ञापन

Bokaro News: मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दिये गये कई निर्देश, क्षेत्र में गश्ती तेज व चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन करें व चार पहिया वाहनों के शीशे पर ब्लैक फिल्म को लेकर लगातार अभियान चलायें.

विज्ञापन

बोकारो, कैंप दो स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई. अध्यक्षता एसपी हरविंदर सिंह व संचालन सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने किया. इस दौरान एसपी ने लंबित हत्या, लूट, रंगदारी, चोरी, महिला, पोक्सो कांड से जुड़े मामलों की समीक्षा की. एसपी श्री सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सभी पुलिस अधिकारी अलर्ट रहें. महिला से जुड़ी किसी भी सूचना की पूरी तहकीकात करें. महिला व बच्चियों के अपहरण की कोशिश की भ्रामक खबर लगातार फैल रही है. जिम्मेवारी व जवाबदेही के साथ उसकी जांच करें. कई मामलों में परिवार के सदस्य बच्चियों के अपहरण का मामला थाना में दर्ज कराते हैं. जांच-पडताल के बाद मामला प्रेम प्रसंग का निकलता है. ऐसे में परिवार से गायब महिला सदस्य के बारे में पूरी जानकारी जुटायें.

एसपी ने कहा कि आमलोगों में किसी मामले को लेकर भ्रम की स्थिति नहीं फैले. पुलिस अधिकारी इसका भी पूरा ध्यान रखें. क्षेत्र में गश्ती तेज करें. चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन करें. सेक्टर चार थाना क्षेत्र में युवती के साथ अपहरण की कोशिश मामले की पूरी गहनता के साथ पड़ताल करें. चार पहिया वाहनों के शीशे पर ब्लैक फिल्म को लेकर लगातार अभियान चलायें. कानून तोड़ने की अनुमति किसी को भी नहीं है. जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी करें. चोरी की घटनाओं को लेकर सभी थानेदार सजग रहें. नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी के अलावा सभी थाना प्रभारी खुद पेट्रोलिंग करें. रात को पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की पूरी छानबीन करें.

चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर रहें अलर्ट

एसपी ने कहा कि चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर अलर्ट मोड में रहें. हर हाल में शांतिपूर्ण चुनाव हमारा लक्ष्य है. सभी बैरिकेडिंग स्थल पर कड़ाई के साथ वाहन जांच अभियान चलायें. इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर पूरी जांच करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करें. गैर-कानूनी हथियार को लेकर भी सतर्क रहें. समय पर सभी लाइसेंसी हथियार को जमा करायें. इसमें किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरते.

शिवरात्रि, रामनवमी व होली को लेकर रहें मुस्तैद

एसपी श्री सिंह ने कहा कि शिवरात्रि, रामनवमी व होली पर्व को लेकर विशेष रूप से तैयार रहने की जरूरत है. अपने-अपने क्षेत्र के लोगों के साथ शांति समिति की बैठक करें. सौहार्दपूर्ण व भाईचारा में पर्व को मनाने का संदेश दें. हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखें. फरार वारंटी के खिलाफ विशेष अभियान चलायें. सड़क दुर्घटना को लेकर पुलिस अधिकारी सतर्क रहें. वाहन चलानेवाले नाबालिग पर नजर रखें. आमलोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें. बैठक में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola