Bokaro News: सीटेट 7-8 को, बोकारो में बनाये गये हैं 10 केंद्र

Bokaro News: तीन पालियों में 11522 अभ्यर्थी होंगे शामिल, बाेले सिटी को-ऑर्डिनेटर : परीक्षा के सफल व कदाचार मुक्त आयोजन की है तैयारी.
बोकारो, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसइ) की ओर से सात व आठ फरवरी को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीइटी) का आयोजन किया जायेगा. इसके लिए बोकारो जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें दोनों दिनों की सभी तीन पालियों को मिलाकर 11522 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. सात फरवरी को केवल प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुल 3719 अभ्यर्थी पेपर- 2 की परीक्षा में शामिल होंगे. वहीं, आठ फरवरी को दोनों पालियों में परीक्षाएं होंगी. प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक 5040 अभ्यर्थी पेपर- 2 की परीक्षा देंगे, जबकि द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक कुल 2763 कैंडिडेट पेपर -1 की परीक्षा में शामिल होंगे. सीबीएसइ व सीटेट के सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ एएस गंगवार ने बुधवार को बताया के परीक्षा के सफल व कदाचार-मुक्त आयोजन की पुख्ता तैयारी की गयी है. जिला प्रशासन के सहयोग से केंद्राधीक्षकों व पर्यवेक्षकों के आपसी समन्वयन में परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर ठोस रणनीति बनायी गयी है. सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ गंगवार के अनुसार, परीक्षा के लिए बनाये गये केंद्रों में डीपीएस बोकारो सेक्टर चार में सात फरवरी को प्रथम पाली (पेपर- 2) में 480, आठ फरवरी को प्रथम पाली (पेपर- 2) और उसी दिन द्वितीय पाली (पेपर -1) में भी 480-480 कैंडिडेट परीक्षा देंगे. चिन्मय विद्यालय सेक्टर पांच में सात फरवरी को प्रथम पाली में 540 व आठ फरवरी की प्रथम व द्वितीय पालियों में भी 540-540 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. डीएवी सेक्टर चार, जीजीपीएस- 5 और एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर चार में भी परीक्षार्थियों की संख्या का यही आंकड़ा रहेगा. यानी कि हरेक सेंटर पर दोनों दिन की प्रत्येक पाली में 540 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर छह में सात और आठ फरवरी की प्रथम पाली में 480-480 व आठ फरवरी की द्वितीय पाली में 123 परीक्षार्थी शामिल होंगे. डीएवी छह में भी सात और आठ फरवरी की प्रथम पाली में 480-480, जीजीपीएस चास में सात और आठ फरवरी को पहले शिफ्ट में क्रमशः 119 व 480 और होली क्रॉस स्कूल रेलवे कॉलोनी व श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर पांच में केवल आठ फरवरी को प्रथम पाली में 480-480 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. प्रथम पाली में प्रातः 7:30 बजे व द्वितीय पाली 12:30 से प्रवेश शुरू होगा.
निर्धारित समय पर अपने सेंटरों पर पहुंच जायें अभ्यर्थी
डॉ गंगवार ने बताया कि अभ्यर्थी निर्धारित समय पर अपने सेंटरों पर पहुंच जाएं, ताकि उन्हें कोई परेशानी ना हो. वे परीक्षा संबंधी सभी गाइडलाइन का पालन करते हुए इसके सफल आयोजन में सहयोग करें. उन्होंने बताया कि सीटीइटी एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जो शिक्षक पेशे के लिए योग्य व कुशल उम्मीदवारों के चयन के लिये सीबीएसइ की ओर से आयोजित की जाती है. इसमें दो पेपर की परीक्षाएं होती है. पहला पेपर उन अभ्यर्थियों के लिए होता है, जो पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने के लिए आवेदन करते हैं, वही दूसरा पेपर उनके लिए होता है, जो कक्षा छह से आठवीं तक में अध्यापन के लिए अप्लाई करते हैं. दोनों ही पेपर 150-150 अंकों के होते हैं. बोकारो में परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में चल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




