Bokaro News : साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता व सतर्कता जरूरी : डीसी

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 13 Aug 2025 9:59 PM

विज्ञापन

Bokaro News : जिला परिषद सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग ने कार्यशाला का आयोजन, स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक.

विज्ञापन

बोकारो, सेक्टर एक जिला परिषद सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत एक दिवसीय साइबर फ्रॉड एवं साइबर सुरक्षा विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया. उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार आदि ने उपस्थित छात्राओं, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताये और सतर्क रहने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता व सतर्कता दोनों जरूरी है.

गलती छुपाना नहीं, स्वीकार करना ही सही रास्ता

उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई गलती अनजाने में बेटियों से हो जाती है, तो उसे छुपाना नहीं चाहिए. उसे स्वीकार करना चाहिए और तुरंत अपने अभिभावक या शिक्षक को बताना चाहिए. ऐसा करने से आपका व्यक्तित्व हमेशा पवित्र बना रहेगा. उन्होंने कहा कि जीवन में गलती होना स्वाभाविक है, लेकिन उसे छुपाना गंभीर परिणाम ला सकता है. एक गलती छुपाने के लिए कई गलतियां करनी पड़ती हैं और यह जीवन में सही राह से भटका सकता है. जीवन में कभी भी शॉर्टकट की प्रवृत्ति नहीं अपनानी चाहिए. वर्तमान में मोबाइल के बिना इस्तेमाल के नहीं रहा जा सकता है, ऐसे में साइबर फ्राॅड में फंसना नहीं है, सतर्क रहना है.

एआइ के युग में बरतनी है ज्यादा सतर्कता

उपायुक्त ने कहा कि एआइ के युग में हमें और ज्यादा सतर्कता बरतनी है. किसी भी तरह की सामग्री जिससे निजता प्रभावित होती है, उसे शेयर नहीं करना है, साफ इंकार कर देना है. उपायुक्त ने बेटी हो बधाई हुई है… के कार्यक्रम संबंध में भी बेटियों, सीडीपीओ व एलएस को अवगत कराया. कहा कि अपने आसपास में अगर कहीं बेटी का जन्म हो तो, उनके अभिभावक को गुलदस्ता देकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित करें. आज बेटा- बेटी में कोई भेद नहीं है. दोनों को सामान अधिकार है, दोनों को सामान अवसर मिलना चाहिए.

साइबर ठगी के तरीके और बचाव की दी जानकारी

मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता और अन्य प्रशिक्षकों रवींद्र कुमार, महिला थाना प्रभारी आदि ने साइबर अपराध के प्रकार, उसके माध्यम और रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साइबर ठगी मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया, इ-मेल और ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिये हो सकती है. ऐसी किसी भी घटना में तुरंत डायल 1930 या www.cyber.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके.

उप विकास आयुक्त ने साझा किया अपना अनुभव

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपने साथ घटित एक साइबर फ्रॉड मामले का उदाहरण सबों के बीच साझा किया और कैसे उन्होंने इससे बचाव किया बताया. कहा कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय उपलब्ध सुरक्षा माध्यमों का इस्तेमाल करना चाहिए. अपने अभिभावक-विद्यालय के शिक्षक के समक्ष बात रखें. साइबर थाना – थाना को घटना की त्वरित जानकारी दें.

बेटियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना उद्देश्य

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डाॅ सुमन गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं, सभी बाल विकास कार्यक्रम पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) आदि शामिल हुए. इसका उद्देश्य सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहने के लिए किया गया. आगे यह कार्यक्रम जिले के विभिन्न विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में किया जायेगा.

नशा मुक्ति अभियान के पांच वर्ष होने पर दिलायी गयी शपथ

उपायुक्त झा ने नशा मुक्ति अभियान के पांच वर्ष पूरे होने पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज गठन को लेकर नशा मुक्ति की शपथ दिलायी. मौके पर अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत, जेएसएलपीएस, सहयोगिनी व पीएमयू टीम के सदस्य आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola