Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव प्रचार खत्म, आखिरी दिन सियासी दलों ने झोंकी ताकत, अब वोटर्स तय करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत
Published by : Pritish Sahay Updated At : 03 Feb 2025 10:05 PM
Delhi Election 2025
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम पांच बजे से खत्म हो गया. अब पांच फरवरी को वोटिंग है. इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही चरण में हो रहा है. 8 फरवरी को चुनाव के नतीजे आ जाएंगे.
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सोमवार (3 फरवरी) शाम 5 बजे से प्रचार अभियान खत्म हो गया है. दो दिन बाद यानी 5 फरवरी को वोटिंग होगी. 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. दिल्ली की 70 विधानसभा सीट के लिए एक ही चरण में चुनाव हो रहा है. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों के दिग्गजों नेताओं ने जमकर प्रचार किया. अब दिल्ली के करीब 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले हैं.
पांच फरवरी को होगा मतदान
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आंकड़ों के अनुसार पांच फरवरी को 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले हैं. वोटरों में 83.76 लाख पुरुष हैं, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं. मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए दिव्यांगजनों के लिए 733 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. निर्वाचन आयोग ने भारत में पहली बार ‘क्यू मैनेजमेंट सिस्टम’ एप्लिकेशन की शुरुआत की है. इस सुविधा के जरिए वोटर दिल्ली इलेक्शन-2025 क्यूएमएस ऐप के जरिए मतदान केंद्रों पर वास्तविक समय के अनुसार लोगों की मौजूदगी का पता लगा सकते हैं.
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग जनों ने डाला वोट
दिल्ली विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए चुनाव आयोग ने घर से मतदान की सुविधा मुहैया कराई है. इसके तहत 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 ने पहले ही अपना वोट डाल दिया है. यह सेवा 24 जनवरी से शुरू कर दी गई थी, चार फरवरी तक यह जारी रहेगी.
सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था की है. स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां तैनात रहेंगी. इसके अलावा 19000 होमगार्ड के जवान और दिल्ली पुलिस के 35,626 जवान तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा चुनाव आयोग की ओर से डमी और ब्रेल मतपत्रों के प्रावधानों सहित 21,584 बैलेट यूनिट, 20,692 कंट्रोल यूनिट और 18,943 वीवीपैट तैयार किए गए हैं.
एग्जिट पोल पर इतने समय के लिए प्रतिबंध
रिपोर्ट के मुताबिक निर्वाचन आयोग ने मतदान वाले दिन यानी 5 फरवरी सुबह सात बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया है. चुनाव आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि न्यूज ब्यूरो, मीडिया हाउसेस, रेडियो और टेलीविजन चैनलों को इस दौरान किसी भी तरह के एग्जिट पोल नहीं दिखाने हैं.
प्रचार के अंतिम दिन सियासी दलों ने झोंकी ताकत
दिल्ली चुनाव के लिए आज (3 फरवरी) को सियासी दलों ने जमकर प्रचार किया. बीजेपी से लेकर आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेताओं ने कई जनसभाएं और रैली की. बीजेपी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिल्ली में 20 से ज्यादा रोड शो और रैलियां की. आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी कई सभाएं की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










