Bihar Weather Live: शीतलहर और कड़ाके की ठंड से सड़कों पर पसरा सन्नाटा, कपकपी से निजात मिलने के आसार नहीं
Bihar Weather News Live: पटना सहित समूचे बिहार में गुरुवार को कोहरा और कड़ाके की ठंड से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. प्रदेश में अगले चार दिनों तक पूरे बिहार में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी. फिरहाल कपकपी से लोगों को निजात मिलने के आसार नहीं है.
बिहार में कल से हल्की बारिश की संभावना
बिहार में घना कोहरा के साथ शीतलहर का असर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है. गुरुवार से कोहरे की परत और बढ़ने की संभावना है. आकाश मे आंशिक बादल छाये रहेगे. बिहार के कई जिलों मे 7 से 9 जनवरी के बीच हल्की वर्षा की संभावना है.
खराब मौसम के कारण दरभंगा एयरपोर्ट से सभी 16 उड़ानें रद्द
दरभंगा खराब मौसम के कारण बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से सभी 16 उड़ानें रद्द रहीं. इससे यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा. टिकट कटाने के बावजूद यात्रा नहीं कर पाने से दूर-दराज से ठंड में यहां पहुंचे यात्री इधर-उधर ��टकते देखे गये. आपात स्थिति में आवागमन करने वाले लोगों को पटना से हवाई टिकट बुक कराना पड़ा. जाना होता है.
आलाव ताप कर शाम बिता रहे लोग
बिहार में शाम होते ही ठंड से न केवल लोग बल्कि पशु-पक्षी भी कांपते नजर आते हैं. शाम होते ही घर व घर के बाहर लोग आग जला कर शरीर सेंकते देखे जाते हैं. ठंड की वजह से देर शाम होते ही मंडी की दुकानों के शटर डाउन होने लगे. रात करीब साढ़े आठ बजते-बजते बाजार में सन्नाटा पसरने लगा.
दो दिन बाद होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को गया का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री व अधिकतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि मंगलवार को गया का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री व अधिकतम 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा था. मौसम विभाग के मुताबिक तीन-चार दिन बाद मौसम में और नरमी आने की उम्मीद है. आसमान में बदली के साथ हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जतायी जा रही है.
कनकनी से अभी राहत नहीं शाम होते ही बढ़ जाती है सर्दी
गया में मौसम की बेरुखी के बाद भले ही दो दिनों से दिन में धूप खिल रही है पर शाम होते ही कनकनी इतनी बढ़ जा रही है कि हाथ-पांव ठिठुरने लग रहे हैं. रात का तापमान लुढ़क कर नीचे चला आता है. इससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है. रात में कुहासे की चादर में लिपटा गया धुंध से भर जाता है. बुधवार को दिन में धूप खिली पर शाम होते ही सर्द पछुआ हवा व कुहासे की वजह से ठिठुरन बढ़ गयी.
पटना, भागलपुर पूर्णिया और दरभंगा रहे सबसे ठंडे शहर
पटना, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा प्रदेश में सबसे ठंडे शहर रहे. पूसा में सबसे कम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. लिहाजा मौसम विज्ञान विभाग ने नागरिकों, किसानों एवं पशुपालकों के लिए अलर्ट जारी कर सावधानियां बरतने के लिए कहा है. अगले 48 घंटे शीतलहर के हिसाब से और अधिक कष्टकारी साबित हो सकते हैं. मौसम विज्ञान विभाग के एक विशेष बुलेटिन में कहा गया है कि जनवरी में इस साल सामान्य से अधिक ठंड पड़ेगी. अधिकतम तापमान का पारा ज्यादा प्रभावित होगा. वहीं पूर्वी बिहार में शीतकालीन सर्वाधिक बारिश दर्ज की जा सकती है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए