स्वास्थ्य विभाग को लेकर विजय सिन्हा ने साधा निशाना, कहा- डॉक्टर को दी गई है दो दो प्रमुख पद की जिम्मेवारी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 24 Nov 2022 10:26 PM
स्वास्थ्य विभाग को लेकर नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पटना सहित राज्य के अस्पतालों में एक ही चिकित्सक को दो दो प्रमुख पद की जिम्मेवारी दी गई है.
पटना. नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के नियम के विरुद्ध कार्य कर रहा है. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में प्रमुख पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति में एक व्यक्ति, एक पद का प्रावधान एमसीआई. द्वारा रखा गया है. राज्य सरकार ने स्वयं भी वर्ष 2009 में आदेश जारी किया है कि किसी भी सूरत में एक चिकित्सक को दो पदों की जिम्मेवारी नहीं दी जाए.
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री 60 दिन में अस्पतालों की व्यवस्था ठीक करने की बात कर रहे थे. लेकिन हालत यह है कि पटना सहित राज्य के अस्पतालों में एक ही चिकित्सक को दो दो प्रमुख पद की जिम्मेवारी दी गई है. राज्य के अस्पतालों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. मरीजों को दवा बाहर से खरीदना पड़ता है. जांच के लिए मरीज को प्राइवेट क्लिनिक जाना पड़ता है.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के दावों की हवा निकल गई है. यहां तक कि अस्पताल में मर जाने पर शव को ले जाने के लिए वाहन भी नहीं मिलता है. लोग किसी तरह अपने इंतजाम से शव ले जाते हैं. आये दिन बड़ी संख्या में परिजनों द्वारा शव को कंधे पर उठाकर ले जाने का दृश्य इलेक्ट्रॉनिक न्यूज़ चैनल पर दिखाया जाता है. वहीं, विजय सिन्हा ने सरकार से अनुरोध किया है कि मरीजों के हित में शीघ्र सरकारी अस्पतालों में अच्छी व्यवस्था विकसित की जाए.
वहीं, इसके पहले भी नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राजद के अन्य नेता और जदयू के नेताओं द्वारा बार-बार संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाया जा रहा है. लगातार उनके विरूद्ध अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










