जिला स्तरीय रोजगार मेले से युवाओं को मिली नई उड़ान
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 12 Feb 2026 6:31 PM
युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं सरकार : डीएम
– युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं सरकार : डीएम – 1285 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 624 शॉर्टलिस्ट, 15 को ऑन-द-स्पॉट मिली नियुक्ति पत्र सुपौल. जिले में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गुरुवार को जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026 का आयोजन किया गया. यह मेला युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, सुपौल द्वारा संयुक्त श्रम भवन परिसर में द्वितीय चरण के रूप में आयोजित किया गया. रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन डीएम सावन कुमार, नप मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा राघव सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है. जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण इस प्रकार के रोजगार मेले हैं. उन्होंने नियोजकों से अपील की कि अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराएं. साथ ही उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकी दक्षताओं को अपनाने की सलाह दी. ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें. जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि एनसीएस पोर्टल पर निबंधित युवाओं को बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है. उन्होंने बताया कि स्टडी किट योजना के तहत यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है. जबकि टूल किट योजना के माध्यम से स्वरोजगार हेतु आवश्यक उपकरण दिए जाते हैं. इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह जॉब कैंप, दिव्यांगजनों के लिए नियोजन सहायता कार्यक्रम तथा मॉडल करियर सेंटर के अंतर्गत साप्ताहिक टेस्ट का भी आयोजन किया जाता है. रोजगार मेले में कुल 20 निजी नियोजकों ने भाग लिया. जिनके द्वारा 1285 अभ्यर्थियों से बायोडाटा प्राप्त किए गए. चयन प्रक्रिया के उपरांत 624 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया. जबकि 15 अभ्यर्थियों को मौके पर ही औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 67 लाभार्थियों को स्टडी किट, स्वरोजगार हेतु 11 लाभार्थियों को टूल किट तथा केवायपी प्रशिक्षण प्राप्त 50 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. वहीं आरसेटी, जिला उद्योग केंद्र, जिला कल्याण विभाग एवं श्रम अधीक्षक कार्यालय सहित 04 सरकारी विभागों द्वारा 232 अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. इस अवसर पर जिला नियोजन कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










