सुपौल में 35 दिन की ट्रेनिंग के बाद अब अपना ब्यूटीपार्लर खोलेंगी महिलाएं, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र
महिला को प्रमाण पत्र देते डीएम. | Prabhat Khabar Network
सुपौल के आरसेटी में 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन हुआ, जहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने स्वरोजगार शुरू करने से पहले अनुभव के महत्व पर प्रकाश डाला और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
सुपौल के मरिचा स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित 35 दिवसीय ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सावन कुमार शामिल हुए. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. डीएम ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभव और उपलब्धियों की जानकारी भी ली.
आपके शहर में
डीएम ने बताया, कारोबार शुरू करने से पहले क्यों जरूरी है अनुभव
जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रशिक्षुओं को सलाह दी कि ब्यूटीपार्लर खोलने से पहले किसी अच्छे और स्थापित ब्यूटीपार्लर में काम करके व्यावहारिक अनुभव हासिल करें. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से तकनीकी जानकारी मिलती है, लेकिन वास्तविक काम करने से ग्राहकों की जरूरत, कामकाज की प्रक्रिया और कारोबार से जुड़ी व्यवहारिक चुनौतियों को समझने में मदद मिलती है.
डीएम ने कहा कि अनुभव हासिल करने के बाद जब प्रशिक्षु अपना ब्यूटीपार्लर शुरू करेंगी तो उन्हें कामकाज से जुड़ी कठिन परिस्थितियों का सामना करने में आसानी होगी. इससे स्वरोजगार को स्थायी रूप देने में भी मदद मिलेगी.
अपने हुनर से दूसरी महिलाओं को भी जोड़ने की अपील
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं से कहा कि प्रशिक्षण का लाभ केवल अपने तक सीमित न रखें. अपने क्षेत्र की अन्य महिलाओं और युवतियों को भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दें और उन्हें हुनर सीखने के लिए प्रेरित करें. इससे अधिक संख्या में महिलाएं प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी.
उन्होंने प्रशिक्षुओं को 35 दिनों के दौरान सीखी गयी तकनीकों का बेहतर इस्तेमाल करने की सलाह दी. डीएम ने कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की इच्छा के साथ स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है.
प्रमाण पत्र मिलते ही चेहरे पर दिखी खुशी
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए. प्रमाण पत्र मिलने के बाद प्रशिक्षुओं में उत्साह देखा गया. प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने ब्यूटीपार्लर से संबंधित विभिन्न तकनीकों और कामकाज की जानकारी हासिल की है. अब कई प्रशिक्षु अपने स्तर पर रोजगार शुरू करने की तैयारी कर रही हैं.
कई अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
समापन समारोह में स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार, एसबीआई सीएम साहिल सिंह, एलडीएम सुपौल बागिश कुमार झा, आरसेटी निदेशक टी.एस. करेकट्टा, अनीश रंजन, मुकेश कुमार मुकान सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए