सुपौल में घर लौट रहे मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, थुमहा में रेलवे पुल के नीचे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

विज्ञापन

रेलवे पुल के पास घटनास्थल की फोटो | Prabhat Khabar Network

सूपौल में घर लौटते समय एक मजदूर की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई. थुमहा रेलवे पुल के पास शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुल की रेलिंग पर खून के निशान मिलने से घटना पर संदेह गहरा गया है.

विज्ञापन

Supaul News: सुपौल में घर लौटने की खुशी उस परिवार के लिए कुछ ही देर में मातम में बदल गयी. प्रदेश में मजदूरी करने के बाद अपने भाइयों के साथ ट्रेन से घर लौट रहे करीब 40 वर्षीय सुरेन्द्र यादव ने बाथरूम जाने की बात कही और बोगी से बाहर निकल गये. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे.

आपके शहर में

विज्ञापन

गुरुवार की रात करीब आठ बजे पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा वार्ड नंबर-7 स्थित राम टोली से थुमहा बाजार जाने वाली सड़क के रेलवे क्रॉसिंग पुल के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. बाद में शव की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी सत्रुघन यादव के पुत्र सुरेन्द्र यादव के रूप में हुई.

घर लौटते समय ट्रेन से गिरने की आशंका

जानकारी के अनुसार सुरेन्द्र यादव प्रदेश में मजदूरी करते थे और अपने भाइयों के साथ ट्रेन से घर लौट रहे थे. बताया गया कि ट्रेन के सुपौल से आगे निकलने के बाद उन्होंने अपने भाई से बाथरूम जाने की बात कही.

इसके बाद वह बोगी से बाहर निकले. इसी दौरान थुमहा रेलवे स्टेशन से आगे राम टोली से थुमहा बाजार जाने वाली सड़क के पास स्थित रेलवे पुल के समीप वह कथित रूप से ट्रेन से नीचे गिर गये.

गिरने के दौरान पुल की रेलिंग से टकराने के बाद वह नीचे जा गिरे. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

पुल की रेलिंग पर मिला खून का निशान

घटना के बाद स्थानीय लोगों की नजर रेलवे पुल के नीचे पड़े शव पर गयी. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये.

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पिपरा पुलिस को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी गयी.

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान पुल की रेलिंग पर खून के नमूने मिलने की बात सामने आयी. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये और हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की.

त्रिवेणीगंज स्टेशन पर भाई करते रहे सुरेन्द्र की तलाश

उधर, ट्रेन से त्रिवेणीगंज स्टेशन पहुंचने के बाद सुरेन्द्र के भाई उनकी तलाश करने लगे. उन्हें उम्मीद थी कि वह किसी कारण से अलग हो गये होंगे और स्टेशन पर मिल जायेंगे.

काफी तलाश के बाद भी जब सुरेन्द्र का पता नहीं चला तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गयी. इसी दौरान किसी व्यक्ति से उन्हें जानकारी मिली कि थुमहा के पास ट्रेन से एक व्यक्ति के गिरने की घटना हुई है.

जानकारी मिलते ही परिजन थुमहा पहुंचे. रेलवे पुल के नीचे शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी. शव की पहचान अपने भाई सुरेन्द्र यादव के रूप में करते ही परिवार में कोहराम मच गया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घर लौट रहे सुरेन्द्र की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.

Supaul News: पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी एक व्यक्ति की थुमहा के पास ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई है.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

रेलवे पुल के पास घटनास्थल की फोटो | Prabhat Khabar Network
रेलवे पुल के पास घटनास्थल की फोटो | Prabhat Khabar Network

Also Read: दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर के साथ सम्राट चौधरी की हाईलेवल मीटिंग, नेपाल डैम से बिहार के फंड तक, जानिए क्या है पूरा एजेंडा

Also Read: ज्योति सिंह ने पवन सिंह के लिए इंस्टा पर लगाई स्टोरी, लिखा- प्रिय पतिदेव, इस बार तुम्हारी कहानी नहीं बनना चाहती


विज्ञापन
इंद्रभूषण कुमार

लेखक के बारे में

By इंद्रभूषण कुमार

इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन