सुपौल: सिमराही के धर्मपट्टी काली मंदिर में भीषण चोरी, तीन ताले तोड़कर 5 लाख के गहने और सामान ले उड़े चोर
धर्मपट्टी काली मंदिर | Prabhat Khabar Network
सुपौल जिले के सिमराही स्थित ऐतिहासिक धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला. लाखों रुपये की संपत्ति, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और साउंड सिस्टम शामिल हैं, चोरी हो गई. ग्रामीणों में भारी रोष है और पुलिस जांच में जुट गई है.
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 स्थित ऐतिहासिक धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. बेखौफ चोर मंदिर के मुख्य द्वार समेत तीन लोहे के गेटों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और मंदिर में रखी अलमारी (गोदरेज) व ट्रंक को तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, बाजा सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए.
आपके शहर में
सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने देखे टूटे ताले
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब स्थानीय श्रद्धालु रोजाना की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे. मंदिर पहुंचते ही ग्रामीणों ने देखा कि मुख्य गेट के ताले कटे हुए जमीन पर पड़े हैं. अंदर जाकर देखने पर पता चला कि गर्भगृह और अन्य कमरों के गेट भी खुले थे. इसके साथ ही कमरे में रखी गोदरेज अलमारी और ट्रंक के ताले टूटे हुए थे तथा गोदरेज क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था. उसमें रखे गए सभी जेवरात और अन्य कीमती सामान नदारद थे.

करीब 5 लाख रुपये के जेवरात और सामान की चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, धर्मपट्टी काली मंदिर पूरे सिमराही और राघोपुर इलाके का प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र है, जहां दीपावली पर हर वर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है. वर्षों से श्रद्धालुओं द्वारा माता के चरणों में चढ़ाए गए सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषणों को मंदिर की गोदरेज में सुरक्षित रखा जाता था. ग्रामीणों ने चोरी गए आभूषणों और सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई है. चोरी गए जेवरातों में सोने की टिकली, चांदी की बिछिया, चांदी के पायल, छत्र और साउंड सिस्टम (बाजा) सहित कई अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं.
ग्रामीणों में गहरा रोष, पुलिस जांच में जुटी
धार्मिक स्थल पर हुई इस बड़ी चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है. ग्रामीण नरेन्द्र कुमार झा, प्रमानंद मिश्र, भवानंद मिश्र, प्रकाश मिश्र, ललित नारायण मिश्र और राजीव ठाकुर सहित अन्य लोगों ने पुलिस प्रशासन से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों की शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना की सूचना पर डायल-112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है.
थानाध्यक्ष का बयान: जल्द होगा मामले का उद्भेदन
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि धर्मपट्टी काली मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजकर जायजा लिया गया है. पुलिस हर संभावित बिंदु पर सघन जांच कर रही है. मंदिर प्रबंधन और ग्रामीणों से लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशुतोष झा
आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए