सिमराही बाजार को जाममुक्त बनाने मैदान में उतरे एसडीएम, अतिक्रमण हटाने और नो-वेंडिंग जोन लागू करने के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन
लोगों को समझाते एसडीएम | Prabhat Khabar Network

लोगों को समझाते एसडीएम | Prabhat Khabar Network

सिमराही बाजार में लगातार जाम और यातायात समस्या से निपटने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया. अवैध अतिक्रमण हटाने और नो-वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यातायात सुचारू हो सके.

विज्ञापन

Simrahi Traffic Management: राघोपुर (सुपौल). सिमराही बाजार में प्रतिदिन लगने वाले जाम और बढ़ती यातायात समस्या को लेकर बुधवार को वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेला-खोमचा, सब्जी एवं फल विक्रेताओं, टेम्पू, ई-रिक्शा संचालकों और व्यापारियों से बातचीत कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया.

एनएच जंक्शन पर जाम बना बड़ी समस्या

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि सिमराही बाजार एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन पर स्थित है, जहां लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है. सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े रहने के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे लोगों को परेशानी के साथ दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है.

200 मीटर क्षेत्र को बनाया जायेगा नो-वेंडिंग जोन

एसडीएम ने व्यापार संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बताया कि जेपी चौक से चारों दिशाओं में लगभग 200 मीटर तक के क्षेत्र को नो-वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित किया जाएगा. इस क्षेत्र में सड़क किनारे दुकानें, सब्जी एवं फल विक्रेताओं के ठेले, टेम्पू, ई-रिक्शा और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए.

सर्विस रोड तक अतिक्रमण हटाने पर जोर

उन्होंने कहा कि सड़क के कालीकरण वाले हिस्से तथा सर्विस रोड तक का पूरा क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त रहना चाहिए, ताकि सड़क की पूरी चौड़ाई का उपयोग हो सके और यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा सके. प्रशासन ने दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की.

सावन को देखते हुए विशेष निगरानी

एसडीएम ने बताया कि सावन माह में कांवरियों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए आगामी एक सप्ताह तक सुबह और शाम के व्यस्त समय में दो-दो घंटे के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इस दौरान लोगों को जागरूक किया जाएगा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जायेगी.

सहयोग से ही मिलेगी स्थायी राहत

Simrahi Traffic Management: मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है. उन्होंने दुकानदारों, व्यापार संघ, वाहन चालकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही सिमराही बाजार को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है.निरीक्षण के दौरान राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, दुकानदार एवं अन्य लोग उपस्थित रहे.


विज्ञापन
आशुतोष झा

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन