51 एजेंसियों से एलपीजी गैस की हो रही नियमित आपूर्ति, घबराने की नहीं है जरूरत : डीएम

कंट्रोल रूम स्थापित, 12 शिकायतों का निष्पादन
– एलपीजी गैस को लेकर अफवाहों पर विराम, स्टॉक पर्याप्त सुपौल. समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी वेश्म में मंगलवार को डीएम सावन कुमार ने प्रेसवार्ता कर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रहे अफवाहों के बीच स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है. किसी भी प्रकार के संकट की आशंका नहीं है. जिले में इंडेन के 26, एचपी के 16 एचपी और भारत गैस के 09 सहित कुल 51 गैस एजेंसियां संचालित हैं. इन एजेंसियों के माध्यम से लगभग 05 लाख 10 हजार 823 उपभोक्ताओं को सेवा प्रदान की जा रही है. प्रतिदिन करीब 5900 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जिसे बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है. निगरानी कड़ी, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो एलपीजी गैस के उठाव एवं वितरण की निगरानी कर रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाना है. इसी क्रम में राघोपुर प्रखंड स्थित रत्ना इण्डेन ग्रामीण वितरक के गोदाम में अनियमितता पाए जाने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा उसे सील कर दिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 42 एजेंसियों पर उपलब्ध स्टॉक, शेष पर आज पहुंचेगी आपूर्ति प्रतिनियुक्त अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार जिले की 51 में से 42 एजेंसियों पर वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि शेष 09 एजेंसियों पर भी शाम तक आपूर्ति पहुंचने की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने बताया कि एलपीजी की कमी की अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में अचानक मांग बढ़ गई है, जिससे कुछ एजेंसियों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने की स्थिति उत्पन्न हुई. हालांकि, यह कमी जल्द ही पूरी कर ली जा रही है. कंट्रोल रूम स्थापित, 12 शिकायतों का निष्पादन समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में एलपीजी गैस की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. इसका दूरभाष नंबर 06473-224005 है. अब तक इस कंट्रोल रूम में 12 शिकायतें जानकारी से संबंधित कॉल प्राप्त हुए हैं, जिनका समाधान कर दिया गया है. जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि अगले दो-चार दिनों में होम डिलीवरी और शैक्षणिक संस्थानों में गैस आपूर्ति को और सुचारू कर दिया जाएगा. उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. अनावश्यक रूप से अधिक सिलेंडर लेने से बचें. वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. सभी को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




