वरदराज पेरुमल देवस्थानम में 11वें ब्रह्मोत्सव के तहत निकाली गयी भव्य रथ यात्रा
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 01 Mar 2026 6:51 PM
सात दिवसीय यह धार्मिक महोत्सव 06 मार्च तक चलेगा
राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज स्थित प्रसिद्ध वरदराज पेरुमल देवस्थानम (विष्णु मंदिर) में 27 फरवरी से आयोजित 11वें वार्षिक ब्रह्मोत्सव के तहत शनिवार की संध्या भव्य रथ यात्रा निकाली गई. सात दिवसीय यह धार्मिक महोत्सव 06 मार्च तक चलेगा. पहले दिन संकल्प, वसुंधरा पूजन, अंकुरारोपण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि प्रज्वलन कर उत्सव का शुभारंभ किया गया. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं. उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को हवन, ध्वजारोहण और भगवान का विशेष अभिषेक संपन्न हुआ. इसके बाद संध्या समय भगवान वरदराज सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले. रथ यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची. इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का भावपूर्ण स्वागत किया. आयोजन समिति के अनुसार, ब्रह्मोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायं रथ यात्रा निकाली जाएगी. प्रत्येक दिन भगवान अलग-अलग वाहनों पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे. साथ ही विशेष पूजा-अर्चना और प्रतिदिन हवन का आयोजन किया जा रहा है. 06 मार्च को पुष्प अभिषेक एवं पूर्णाहुति के साथ ब्रह्मोत्सव का समापन होगा. इस वर्ष ब्रह्मोत्सव का आयोजन दिनेश कुमार दास के परिवार के सौजन्य से किया जा रहा है. आयोजन में जगत गुरु रामानुजाचार्य परंपरा से जुड़े संतों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है, जिनमें स्वामी लक्ष्मणाचार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं. आयोजन समिति के सदस्य अजय कुमार मल्लिक ने बताया कि मंदिर में स्थापित भगवान वरदराज की प्रतिमा, कांचीपुरम स्थित भगवान वरदराज की मूर्ति के स्वरूप पर आधारित है. वर्ष 2014 में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से यहां प्रतिवर्ष ब्रह्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो अब मंदिर का सबसे बड़ा वार्षिक उत्सव बन चुका है. मंदिर के संस्थापक डॉ पीके मल्लिक की बहन लीला मल्लिक ने बताया कि हर वर्ष इसी अवधि में ब्रह्मोत्सव आयोजित होता है. इस बार 11वां आयोजन संपन्न हो रहा है. वहीं दिनेश कुमार दास ने कहा कि भगवान वरदराज मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले हैं. श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है. ब्रह्मोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










