3 साल से लटकी बिजली की समस्या : तार चोरी के बाद भी विभाग मौन, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मौजूद किसान
पिपरा प्रखंड में बैलोखड़ा छोटी नहर पर बिजली के तार चोरी हुए तीन साल बीत गए, लेकिन अब तक नए तार नहीं लगाए गए हैं. इससे सैकड़ों किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
सुपौल : पिपरा प्रखंड की थुमहा पंचायत स्थित बैलोखड़ा छोटी नहर पर कृषि सिंचाई के लिए लगाए गए बिजली के पोल पिछले तीन वर्षों से बेकार पड़े हैं. अज्ञात चोरों द्वारा करीब 10 पोलों से बिजली के तार चोरी कर लिए जाने के बाद आज तक नए तार नहीं लगाए गए हैं. इससे सैकड़ों किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
तीन साल पहले हुई थी तार चोरी
किसानों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व नहर किनारे लगे बिजली के पोलों से तार काटकर चोरी कर ली गई थी. घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग, कटैया को दी गई. विभाग ने पिपरा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई, लेकिन उसके बाद अब तक तार नहीं लगाए गए.
डीजल पंप से करनी पड़ रही सिंचाई
रामविलास मंडल, जयकुमार मंडल, इनर मंडल, दिनेश मंडल, बिनोद मंडल, देवन मंडल, रामदत्त मंडल, गणेश मंडल, कौशल कुमार मंडल, बिशो मंडल, चंदन मंडल, भारती मंडल और कुशेश्वर मंडल सहित दर्जनों किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि उन्होंने कई बार विभाग से शिकायत की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला. किसानों का कहना है कि कृषि बिजली कनेक्शन होने के बावजूद तार नहीं रहने से मोटर नहीं चल पा रही है. मजबूरी में डीजल पंप से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत कई गुना बढ़ गई है.
अन्य क्षेत्रों में बहाल हुई आपूर्ति, यहां नहीं
किसानों ने आरोप लगाया कि जिले के अन्य स्थानों पर तार चोरी की घटनाओं के बाद एक सप्ताह के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन बैलोखड़ा नहर के मामले में तीन वर्षों से कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने इसे विभाग का दोहरा रवैया बताया.
आदेश मिलते ही होगा कार्य : कनीय अभियंता
इस संबंध में पावर ग्रिड कटैया के कनीय अभियंता विकास कुमार ने बताया कि तार चोरी की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है. उन्होंने कहा कि जैसे ही तार लगाने का आदेश मिलेगा, तुरंत कार्य शुरू करा दिया जाएगा.
सड़क जाम कर आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ऊर्जा विभाग के वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By इंद्रभूषण कुमार
इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










