बाल विवाह-बाल मजदूरी रोकने के लिए बनी रणनीति, पंचायत स्तर पर बच्चों की सुरक्षा व अधिकारों पर दिया गया जोर
बैठक करते मुखिया. | Prabhat Khabar Network
चांदपीपर पंचायत में बाल कल्याण समिति की बैठक बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने की रणनीति बनाने के लिए आयोजित की गई. बैठक में बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों को जागरूक किया गया.
बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने को लेकर सरायगढ़ प्रखंड के चांदपीपर पंचायत में पंचायत स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. पंचायत सरकार भवन चांदपीपर के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को जागरूक किया गया.
कार्यक्रम का आयोजन कवच परियोजना के तहत समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान के सहयोग से किया गया. अध्यक्षता चांदपीपर पंचायत के मुखिया गणेश राम ने की.
बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
बैठक में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रामविलास कुमार ने बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी समेत बच्चों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के साथ उनके लिए सुरक्षित और संरक्षित वातावरण तैयार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ही बच्चों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर समय रहते उनका समाधान किया जाए, तो कई सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी तरीके से रोक लगायी जा सकती है.
बाल हितैषी पंचायत बनाने पर जोर
रामविलास कुमार ने बाल हितैषी पंचायत के निर्माण में जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका कर्मियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने बाल अधिकारों को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बतायी.
उन्होंने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुरीतियों को खत्म करने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है. इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, जीविका समूहों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा.
बैठक में कई विभागों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पंचायत सचिव हरी लाल राम, जय कुमार यादव, सरपंच प्रयाग शर्मा, मध्य विद्यालय चांदपीपर के प्रधानाध्यापक विनायक प्रसाद यादव, वार्ड सदस्य जयनारायण यादव, आंगनबाड़ी सेविका प्रमिला देवी, किरण कुमारी, सावित्री कुमारी, विजय कुमार, नारायण सदा, एएनएम, जीविका कर्मी, जीविका सीसी, शिक्षक, बाल संसद एवं मीना मंच के बच्चे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
बैठक के माध्यम से पंचायत स्तर पर बच्चों के अधिकारों की रक्षा, बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम तथा बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए