सिमराही मॉडल स्कूल में पढ़ाई से लेकर लैब तक मिली खामियां, एडीएम ने दिए सुधार के निर्देश

Updated:
विज्ञापन

निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सिमराही मॉडल स्कूल का एडीएम विकास कुमार ने निरीक्षण किया, जहां शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं में कई खामियां पाई गईं. शिक्षकों द्वारा बच्चों की संख्या न बता पाना और कंप्यूटर लैब में आधे से ज्यादा मशीनें खराब मिलना चिंताजनक है. एडीएम ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Simrahi Model School Inspection: राघोपुर. लखीचंद साहू उच्च माध्यमिक विद्यालय सह मॉडल स्कूल, सिमराही में व्यवस्थाओं की जांच करने पहुंचे एडीएम सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार को कई स्तर पर खामियां मिलीं. विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई, उपस्थिति पंजी, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री और शुल्क रसीद तक की जांच के दौरान कमियां सामने आयीं. इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान सबसे पहले विद्यालय की उपस्थिति व्यवस्था की जांच की गयी. विद्यालय में कुल 913 बच्चों का नामांकन है, लेकिन उपस्थिति पंजी में उपस्थित बच्चों की संख्या का योग नहीं किया गया था. वहीं, अनुपस्थित बच्चों के लिए अवकाश आवेदन भी नहीं पाया गया. एडीएम ने इस पर नाराजगी जतायी और उपस्थिति से जुड़े सभी रिकॉर्ड को सही तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया.

बच्चों की संख्या नहीं बता सके शिक्षक

इसके बाद एडीएम ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया. वहां मौजूद शिक्षकों से बच्चों की कुल संख्या पूछी गयी, लेकिन शिक्षक सही संख्या नहीं बता सके. इस पर एडीएम ने शिक्षकों को विद्यालय और बच्चों से संबंधित आवश्यक जानकारी रखने का निर्देश दिया.

एडीएम ने अलग-अलग वर्ग कक्षों में जाकर पढ़ाई की स्थिति भी देखी. कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर उन्होंने निराशा जतायी. पढ़ाई के दौरान उन्होंने शिक्षकों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, लेकिन शिक्षक सही जवाब नहीं दे सके. इसके बाद एडीएम ने बच्चों से भी सवाल किए, जिसका वे भी सही जवाब नहीं दे सके.

इस स्थिति पर एडीएम ने संबंधित शिक्षक को पढ़ाई के स्तर को लेकर फटकार लगायी और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान लेसन प्लान नहीं मिलने पर भी उन्होंने खेद जताया. शिक्षकों को नियमित रूप से लेसन प्लान तैयार करने और उसी के अनुसार कक्षा में पढ़ाई कराने को कहा गया.

छह में चार कंप्यूटर खराब मिले

कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान एडीएम ने सभी कंप्यूटरों को चलाकर उनकी स्थिति देखी. जांच में छह में से चार कंप्यूटर खराब मिले. कंप्यूटर कक्ष में अव्यवस्था भी पायी गयी. इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए खराब कंप्यूटरों को जल्द ठीक कराने और कक्ष को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया.

विद्यालय के विभिन्न लैब का भी उन्होंने निरीक्षण किया. लैब में गंदगी और अव्यवस्था के साथ संसाधनों की कमी पायी गयी. एडीएम ने साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया.

लाइब्रेरी की स्थिति देखकर जतायी नाराजगी

विद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण भी एडीएम ने किया. लाइब्रेरी की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जतायी. उन्होंने पुस्तकों को व्यवस्थित रखने और बच्चों को लाइब्रेरी का नियमित लाभ देने का निर्देश दिया.

एडीएम ने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराना है. ऐसे में संसाधनों का इस्तेमाल नहीं होना या उनका अव्यवस्थित रहना उचित नहीं है.

धूल फांक रही थी खेल सामग्री

खेल सामग्री कक्ष की जांच के दौरान कई सामान रखे हुए मिले, जिन पर धूल जमी थी. खेल सामग्री का नियमित उपयोग नहीं होने पर एडीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने बच्चों को उपलब्ध खेल सामग्री का इस्तेमाल कराने का निर्देश दिया.

विद्यालय में आयोजित मासिक परीक्षा की कॉपियों की जांच के दौरान भी गड़बड़ी मिली. कुछ कॉपियों में गलत तरीके से अंक दिए गए थे. इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए शिक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं की जांच सावधानी और सही तरीके से करने का निर्देश दिया.

शुल्क रसीद में भी मिली गड़बड़ी

बच्चों से लिए जाने वाले शुल्क की रसीदों की जांच के दौरान भी अनियमितता सामने आयी. एडीएम ने संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त करने और शुल्क से जुड़े सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया.

विद्यालय के कॉमन रूम का निरीक्षण करने के दौरान सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन खराब मिली. एडीएम ने मशीन को जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को आवश्यक सुविधा मिल सके.

12वीं के स्मार्ट क्लास में भी मिली अव्यवस्था

एडीएम ने 12वीं के स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया. यहां अव्यवस्था और संसाधनों की कमी पर उन्होंने नाराजगी जतायी. उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करने और स्मार्ट क्लास को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया.

एडीएम के विद्यालय निरीक्षण से पहले अंचल कार्यालय राघोपुर स्थित आरटीपीएस का भी निरीक्षण किया गया. वहां उन्होंने लोगों को दी जा रही सेवाओं और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली. संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

Simrahi Model School Inspection: व्यवस्था सुधारने का दिया निर्देश

विद्यालय में एक के बाद एक कई कमियां मिलने के बाद एडीएम विकास कुमार ने संबंधित कर्मियों को जल्द व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का लाभ बच्चों को मिलना चाहिए और पढ़ाई के स्तर पर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रिकॉर्ड, कक्षाओं में पढ़ाई, लेसन प्लान, कंप्यूटर, लैब, लाइब्रेरी, खेल सामग्री, परीक्षा कॉपियों, शुल्क रसीद और छात्राओं की सुविधा से जुड़े संसाधनों की स्थिति की जांच की गयी. अब संबंधित कर्मियों के सामने इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की चुनौती है.

निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network
निरीक्षण करते एडीएम | Prabhat Khabar Network

Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

Also Read: टना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन