तेज रफ्तार बस ने बाइक को 50 मीटर तक घसीटा, नवविवाहित युवक की मौत, महिला व मासूम गंभीर
घटनास्थल पर सड़क जाम करते परिजन | Prabhat Khabar Network
Road Accident : राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसे करीब 50 मीटर तक घसीटा गया. इस हादसे में नवविवाहित युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 10 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए.
Road Accident : पथरा हाट मिक्स प्लांट से करीब 100 मीटर पश्चिम एनएच 327ई पर पिपरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने कटैया से चैन सिंह पट्टी जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए.
नवविवाहित युवक की मौके पर मौत
हादसे में बाइक चालक मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिहपुर निवासी मोहम्मद परवेज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. बाइक पर पीछे बैठीं सुवेदा खातून और उनका 10 वर्षीय बेटा मोहम्मद अलीशेर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल सुपौल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
दो महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
परिजनों ने बताया कि मोहम्मद परवेज का विवाह इसी वर्ष 2 जुलाई को चैन सिंह पट्टी निवासी जमजम खातून से हुआ था. घटना के दिन वह अपनी जेठ साली सुवेदा खातून और उनके बेटे को कटैया से उनके ससुराल छोड़ने जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया.
शव रखकर किया सड़क जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष किशोर कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी के दौरान आक्रोशित परिजनों ने शाम तक शव को सड़क पर रखकर एनएच 327ई जाम कर दिया. पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया और यातायात बहाल कराया.
फरार बस चालक की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और फरार बस तथा उसके मालिक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By इंद्रभूषण कुमार
इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










