जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

Updated:
विज्ञापन
सड़कों पर जमा बारिश के पानी से होकर जाते स्कूली बच्चे व राहगीर | Prabhat Khabar Network

सड़कों पर जमा बारिश के पानी से होकर जाते स्कूली बच्चे व राहगीर | Prabhat Khabar Network

सुपौल के बसविट्टी पंचायत में जलजमाव की गंभीर समस्या से ग्रामीण परेशान हैं. सड़क पर जमा पानी से आवागमन मुश्किल हो गया है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

विज्ञापन

सुपौल : सदर प्रखंड की बसविट्टी पंचायत में जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है. पंचायत निवासी ओमप्रकाश विश्वास ने डीएम को आवेदन देकर बताया है कि बसविट्टी चौक से पूर्वी कुर्सी तटबंध स्थित 64.95 मुसहनिया घाट को जोड़ने वाली सड़क पर हल्की बारिश के बाद भी कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

आवेदन में कहा गया है कि सड़क पर जमा गंदा पानी कई दिनों तक नहीं निकलता. इससे पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का परिचालन भी मुश्किल हो जाता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक जलजमाव रहने से सड़क भी लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है.

ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है. वहीं गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का रहना भी मुश्किल हो गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या हर वर्ष उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम होगा और संक्रामक बीमारियों के खतरे से भी राहत मिलेगी.


विज्ञापन
रोशन कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By रोशन कुमार सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन