चीनी की बढ़ती कीमत पर प्रशासन का शिकंजा, भीमनगर में तीन गोदामों पर छापेमारी

Updated:
विज्ञापन

गोदाम का जांच करते एसडीएम | Prabhat Khabar Network

भीमनगर में चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी को रोकने के लिए प्रशासन ने थोक व्यापारियों के गोदामों पर छापेमारी की। स्टॉक और दस्तावेजों की सघन जांच की गई।

विज्ञापन

वीरपुर (सुपौल) : देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच सीमावर्ती क्षेत्र में कालाबाजारी और जमाखोरी की आशंका को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. इसी क्रम में भीमनगर में एसडीएम विनय कुमार और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने तीन थोक कारोबारियों के गोदामों पर छापेमारी की. इस दौरान स्टॉक के साथ खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

विष्णु ट्रेडर्स में स्टॉक का बिल से कराया मिलान

सबसे पहले टीम भीमनगर वार्ड संख्या 10 स्थित विष्णु ट्रेडर्स के गोदाम पहुंची. छापेमारी के दौरान भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, बसंतपुर आपूर्ति पदाधिकारी विनय कुमार समेत सशस्त्र बल मौजूद रहे. अधिकारियों ने गोदाम में रखे चीनी और साबुन के स्टॉक की जानकारी ली तथा उपलब्ध माल का बिल से मिलान किया. एसडीएम ने संचालक से सामान की खरीद के स्रोत और बिक्री का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा.

राजेश हार्डवेयर के गोदाम में भी हुई जांच

इसके बाद संयुक्त टीम भीमनगर सहरसा चौक स्थित राजेश हार्डवेयर के गोदाम पहुंची. गोदाम संचालक राजेश भगत को मौके पर बुलाया गया. अधिकारियों ने गोदाम के अंदर रखे सामान का निरीक्षण किया. जांच के दौरान चीनी के अलावा सरसों तेल के कई टिन भी मिले. इन सामानों से संबंधित खरीद-बिक्री के दस्तावेज मांगे गये, लेकिन तत्काल कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका.

परिवार ट्रेडर्स के दो गोदामों का भौतिक सत्यापन

इसके बाद टीम ने सहरसा चौक स्थित परिवार ट्रेडर्स के दो अलग-अलग गोदामों की भी जांच की. दोनों गोदामों में रखे सामान का भौतिक सत्यापन किया गया और उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया. अधिकारियों ने सभी थोक कारोबारियों को खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने और जांच के दौरान मांग किये जाने पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

कालाबाजारी मिली तो होगी कार्रवाई

एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभी थोक व्यापारियों को खरीद और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने सामानों की बिक्री आधार कार्ड के आधार पर करने को भी कहा.

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के थोक कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन