सीवान : शौच के लिए निकला था युवक, कुछ देर बाद तालाब में मिला शव

रोते-बिलखते परिजन
Siwan pond Drowning Death : बड़हरिया के सुंदरपुर गांव में पैर फिसलने से एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है। प्रशासन से मुआवजे की मांग.
Siwan pond Drowning Death : सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई. शौच के लिए घर से निकले युवक का शव कुछ देर बाद तालाब में मिला. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की.
शौच के लिए निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत
बड़हरिया थाना क्षेत्र की सुंदरपुर पंचायत के सुंदरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रंजीत भगत शनिवार शाम करीब छह बजे शौच के लिए मथुरापुर गांव की ओर गए थे. बताया जाता है कि शौच के बाद वह पास स्थित तालाब के किनारे पहुंचे, जहां अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई.
ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाला शव
कुछ देर बाद तालाब के पास पहुंचे मथुरापुर गांव के लोगों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकाला. पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.
पत्नी, मासूम बेटी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक रंजीत भगत अपने पीछे पत्नी सुगांती देवी, चार वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी और मां दुर्गावती देवी को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के अनुसार रंजीत भगत मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है.
जनप्रतिनिधियों ने सरकारी सहायता की उठाई मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बीडीसी सदस्य जयराम कुमार, सरपंच चंदा राम, संजय भगत, मुसाफिर भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी. बीडीसी सदस्य जयराम कुमार ने अंचलाधिकारी से बातचीत कर पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की.
प्रशासन ने नियमानुसार सहायता का दिया आश्वासन
अंचलाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं परिजनों ने रंजीत भगत का अंतिम संस्कार सुंदरपुर गांव के श्मशान घाट में कर दिया.
Also Read : सीवान में 52 वर्षीय आनंद तिवारी की मौत, नहर से मिले शव की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











