उजैन बंगरा मामले पर सीवान पुलिस का बड़ा एक्शन: सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वाले 50 अकाउंट्स चिन्हित, FIR दर्ज
सांकेतिक तस्वीर.
सीवान पुलिस ने उजेैन बंगरा गांव मामले से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले करीब 50 सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि ऐसी पोस्ट से जातीय उन्माद और सामाजिक वैमनस्य फैलने की आशंका थी. आम लोगों से बिना सत्यापन के पोस्ट शेयर न करने की अपील की गई है.
Social Media Action: उजेैन बंगरा गांव के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सीवान पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो प्रसारित करने वाले करीब 50 प्रोफाइल को चिन्हित किया है. पुलिस इन सभी प्रोफाइल की गतिविधियों, पोस्ट और वीडियो की जांच कर रही है.
आपके शहर में
सोशल मीडिया पोस्ट से माहौल बिगाड़ने की आशंका
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को साइबर थाना को सोशल मीडिया के माध्यम से उजेैन बंगरा गांव में घटित मामले से संबंधित कुछ वीडियो और पोस्ट की जानकारी मिली थी. प्रारंभिक जांच और सत्यापन के दौरान पाया गया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसी सामग्री प्रसारित की जा रही थी, जिससे लोक शांति और विधि-व्यवस्था भंग होने की आशंका थी.
पुलिस के मुताबिक, इन पोस्ट के माध्यम से जातीय उन्माद फैलने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने और सामाजिक वैमनस्य पैदा होने की स्थिति बन सकती थी. इसके अलावा एक जाति या समुदाय को दूसरे के विरुद्ध उकसाने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास भी सामने आया.
साइबर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में साइबर थाना ने उपलब्ध सोशल मीडिया लिंक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कांड संख्या 56/26 दर्ज की है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत दर्ज की गयी है. पुलिस अब मामले की तकनीकी और कानूनी पहलुओं से जांच कर रही है.
करीब 50 सोशल मीडिया अकाउंट जांच के दायरे में
जांच के दौरान आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले कुछ प्रोफाइल तथा उनसे संबंधित पोस्ट और वीडियो को चिन्हित किया गया है. करीब 50 सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट फिलहाल जांच के दायरे में हैं. पुलिस इन अकाउंट से की गयी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस पोस्ट पर की गयी टिप्पणियों, पोस्ट को शेयर करने और अन्य गतिविधियों की भी गहनता से जांच कर रही है. जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बिना सत्यापन के पोस्ट शेयर नहीं करने की अपील
सीवान पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो, पोस्ट या संदेश को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड नहीं करें. पुलिस ने कहा कि अफवाह, भ्रामक सूचना, जातीय अथवा सामाजिक वैमनस्य फैलाने और विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सीवान के मैरवा में 82 लीटर शराब बरामद, कार की सीट में छिपाकर ले जा रहा चालक गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए