मिलाद-उल-नबी को लेकर शांति समिति की बैठक: डीजे, हथियार और आपत्तिजनक पोस्ट पर बैन, सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर
बैठक करते डीएम व एसपी
Peace Committee Meeting: मिलाद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीजे, हथियार, अश्लील नृत्य और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.
Peace Committee Meeting: मिलाद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को समाहरणालय सभागार में डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी.
आपके शहर में
आस्था का सम्मान और कानून का पालन प्रशासन की प्राथमिकता
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि आस्था का सम्मान और कानून का पालन प्रशासन की प्राथमिकता है. जिले में शांति और सामाजिक सौहार्द से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जायेगा. उन्होंने शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और आयोजकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की.
डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान डीजे, आर्केस्ट्रा, तलवार, भाला, अश्लील नृत्य-गान तथा अभद्र या सांप्रदायिक टिप्पणी पर पूरी तरह रोक रहेगी. जुलूस निकालने के लिए सक्षम प्राधिकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा.
सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी निगरानी
प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, वीडियो अथवा संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
डीएम ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे प्रसारित या साझा नहीं करें. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
संवेदनशील क्षेत्रों में होगी सघन पेट्रोलिंग
एसपी भारत सोनी ने कहा कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिले के संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों पर सघन पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी. बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जायेगी.
आवश्यक स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. एसपी ने अधिकारियों को पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया.
सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
पर्व को देखते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शहरी क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया. वहीं, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को एसडीओ सदर से समन्वय स्थापित कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी विधि-व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव दिये. अंत में सभी सदस्यों ने मिलाद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए