सड़क निर्माण कंपनी की कथित लापरवाही से दो ट्रकों की भिड़ंत, जेसीबी से काटकर निकाला गया

पचरुखी में सड़क निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही से दो ट्रकों की भीषण टक्कर हुई। जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतिनिधि, पचरुखी पचरुखी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के समीप गुरुवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान कथित लापरवाही के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई तथा आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए.स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रक के अगले हिस्से को हटाया गया. कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चालक को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल पचरुखी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की चर्चा रही. दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा. सूचना मिलने पर पचरुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया.स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कंपनी ने निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था नहीं की थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. वहीं ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










