सीवान में सेवा संकल्प अभियान के तहत शहीद अशोक कुमार की प्रतिमा की सफाई
कार्यक्रम में शामिल बीजेपी नेता एवं कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
सीवान जिले में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर चल रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रघुनाथपुर के फरीदपुर गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया. भाजपाइयों ने शहीद अशोक कुमार की प्रतिमा की साफ-सफाई की और शहीदों के सम्मान पर जोर दिया.
Siwan News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सीवान जिले में चल रहे एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के फरीदपुर गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी और पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में अमर शहीद अशोक कुमार की प्रतिमा की साफ-सफाई की गयी. सीवान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाये जाने की जानकारी सामने आयी है.
पानी और साबुन से की गयी प्रतिमा की सफाई
कार्यकर्ताओं ने पानी और साबुन से शहीद अशोक कुमार की प्रतिमा की सफाई की. इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद अशोक कुमार अमर रहें’ के नारे भी लगाये.
स्वच्छता को बताया नागरिकों की जिम्मेदारी
भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों की प्रतिमाओं और स्मारकों की स्वच्छता एवं सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि सेवा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं.
शहीदों के बलिदान से नई पीढ़ी को जोड़ने पर जोर
पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अमर शहीद अशोक कुमार जैसे वीर सपूतों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. शहीदों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की भावना से जुड़ी होती हैं. प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण के माध्यम से शहीद के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता और शहीदों के सम्मान का संदेश समाज में निरंतर पहुंचाने की जरूरत है.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यम सिंह सोनू, जिला मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक सहित स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे. सौरभ कुशवाहा, दीपू सिंह, दीपक मिश्रा, मिथिलेश यादव, सुरेंद्र सिंह, अशोक सिंह और सुग्रीव कुमार समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में भाग लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए