सीवान: सावन मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, बाबा हंसनाथ धाम में सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद

Updated:
विज्ञापन
सोहगरा सावन मेले की तैयारियों का जायजा लेते डीएम,एसडीपीओ | Prabhat Khabar Network

सोहगरा सावन मेले की तैयारियों का जायजा लेते डीएम,एसडीपीओ

सोहगरा के बाबा हंसनाथ धाम में सावन मेले की तैयारियों का डीएम ने निरीक्षण किया। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

Siwan News: सावन माह में बाबा हंसनाथ धाम, सोहगरा में लगने वाले ऐतिहासिक सावन मेले की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय मंदिर परिसर पहुंचे. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया.

ड्रॉप गेट, सीसीटीवी और आपातकालीन व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्रॉप गेट की व्यवस्था, मंदिर परिसर की सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गर्भगृह में वेंटिलेशन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, भीड़ प्रबंधन और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के उपायों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने आपातकालीन स्थिति से निबटने के लिए की गयी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली.

जिलाधिकारी ने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक सुझाव दिये तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सावन मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

कतारबद्ध होकर पूर्वी द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे श्रद्धालु

अंचलाधिकारी डॉ. विकास कुमार ने बताया कि जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. श्रद्धालु मंदिर के पश्चिमी छोर से कतारबद्ध होकर परिक्रमा मार्ग से दक्षिण दिशा की ओर बढ़ेंगे और पूर्वी द्वार से मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे. इससे भीड़ का दबाव नियंत्रित रहेगा और श्रद्धालुओं को सुगमता से जलाभिषेक करने में सुविधा होगी.

चार ड्रॉप गेट, वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक

सावन मेले के दौरान मंदिर परिसर के चारों ओर चार ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. इन ड्रॉप गेट से किसी भी छोटे या बड़े वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. प्रशासन का उद्देश्य मंदिर परिसर के आसपास भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है.

12 स्थानों पर 48 पुलिसकर्मी और 21 मजिस्ट्रेट तैनात

सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर के 12 महत्वपूर्ण स्थानों पर 48 पुलिसकर्मी, 12 पुलिस पदाधिकारी और 21 मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं. सभी अधिकारी एवं जवान दो पालियों में ड्यूटी करेंगे. प्रशासन के अनुसार रविवार शाम से ही सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने-अपने निर्धारित तैनाती स्थल पर पहुंच जायेंगे.

डीएम को स्मृति-चिह्न व अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

निरीक्षण के अंत में मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को बाबा हंसनाथ का स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ गौरी कुमारी, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, आरओ संगीता कुमारी, प्रमुख विंध्यवासिनी नारायण सिंह, मुखिया रणजीत कुशवाहा, महंत गिरी, बृजेश सिंह, सुरेंद्र चौहान, मिन्हाज सोहाग्रवी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं


विज्ञापन
चंद्र प्रकाश दूबे

लेखक के बारे में

By चंद्र प्रकाश दूबे

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन