सीवान में युवक का शव मिले, अपहरण के बाद हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
रोते बिलखते परिजन
इलामदीपुर गांव में सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों का आरोप है कि चारपहिया वाहन सवारों ने युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Siwan Murder Case: जीबी नगर थाना क्षेत्र के इलामदीपुर गांव में रविवार को सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष रमाशंकर साह, अवर निरीक्षक दुर्गा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाये.
मृतक की पहचान नथनपुरा गांव निवासी नयन महतो के 25 वर्षीय पुत्र अविनाश उर्फ धनजी महतो के रूप में हुई. घटना की जानकारी मिलने के बाद वर्तमान विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, सहलौर पंचायत के मुखिया संजय सिंह समेत नथनपुरा गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.
चारपहिया वाहन से अपहरण का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की रात गांव में निर्माणाधीन राम-जानकी पथ के ओवरब्रिज के पास से अविनाश का चारपहिया वाहन सवार लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था. रविवार को उसका शव इलामदीपुर गांव में पांचमुहा पुल के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ.
पुलिस ने मृतक की बाइक भी कथित अपहरण स्थल के पास से बरामद की है. हालांकि, अपहरण और युवक की मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
एक दिन पहले हुआ था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शनिवार को अविनाश का गांव में किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था. पुलिस इस बिंदु समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
छह भाइयों और तीन बहनों में पांचवें नंबर पर था अविनाश
परिजनों के अनुसार, अविनाश छह भाइयों और तीन बहनों में पांचवें नंबर पर था. वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी. उसके तीन वर्षीय पुत्र लकी कुमार और पुत्री अनिशा कुमारी हैं.

महावीरी अखाड़ा मेले से पहले घटना से दहशत
नथनपुरा गांव में होने वाले महावीरी अखाड़ा मेले से दो दिन पहले युवक की मौत की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद रविवार को अविनाश का शव पैतृक गांव नथनपुरा पहुंचा. शव पहुंचते ही पिता नयन महतो, मां कांति देवी और पत्नी नीतू देवी समेत अन्य परिजनों में कोहराम मच गया. भाई भोला महतो, जितेंद्र महतो, कन्हे महतो, रामाजी महतो, देवेंद्र महतो तथा बहन समिता देवी, गीता देवी और बुना देवी का रो-रोकर बुरा हाल था.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल टीम की जांच के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है. परिजनों से आवेदन मिलने के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के आलोक में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए