सीवान में एसपी की अपराध गोष्ठी, गंभीर मामलों में स्पीडी ट्रायल और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
बैठक करते एसपी
पुलिस अधीक्षक ने अपराध गोष्ठी में गंभीर मामलों में स्पीडी ट्रायल, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए. ईआरएसएस शिकायतों पर 15 मिनट में प्रतिक्रिया देने को कहा गया.
law and order: अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक भारत सोंनी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी. बैठक में जिले में अपराध की स्थिति की समीक्षा की गयी और पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये.
एसपी ने हत्या, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर अपराधों के मामलों में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और दोषियों को सजा दिलाने पर जोर दिया. सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधियों, जेल से छूटे अपराधियों और फरार आरोपियों की सूची अद्यतन रखने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
वारंट, समन और कुर्की के निष्पादन पर जोर
एसपी ने जिले में विशेष अभियान चलाकर वारंट, समन एवं कुर्की का निष्पादन करने तथा गंभीर मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर बीएनएसएस की संबंधित धाराओं एवं सीसीए के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया.
अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान कर बीएनएसएस की धारा 107 के तहत जब्ती की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने को कहा गया.
15 मिनट में ईआरएसएस की शिकायतों पर दें प्रतिक्रिया
एसपी ने पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित आवेदनों और लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया. ईआरएसएस के तहत कंट्रोल रूम से प्राप्त समस्याओं पर हर हाल में 15 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को थानों में आने वाले आम लोगों के साथ विनम्र एवं शालीन व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा. थानों में आने वाले आगंतुकों का नाम-पता आगंतुक पंजी में दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया.

रात्रि और पैदल गश्ती मजबूत करने का निर्देश
एसपी ने नियमित रात्रि एवं पैदल गश्ती को मजबूत करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा. शराब से जुड़े मामलों में त्वरित गिरफ्तारी और वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिये गये.
थाना परिसर में नियमित रूप से गुंडा परेड एवं चौकीदारी परेड कराने पर भी जोर दिया गया. पुलिसकर्मियों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने और थानों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
विभिन्न पोर्टलों के प्रभावी संचालन पर जोर
एसपी ने बिहार सरकार के विभिन्न पोर्टलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही मेट्रोपोलिटन, सिविल एवं कॉमर्शियल डिस्प्यूट से जुड़े मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों से आदेश प्राप्त कर प्रारंभिक जांच एवं प्राथमिकी की कार्रवाई समय पर करने का निर्देश दिया.
बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की हिदायत दी गयी.
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 आनंद कुमार गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज अमन, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए