सीवान रेलवे यार्ड में मालगाड़ी से गेहूं चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, 9 बोरे बरामद

Updated:
विज्ञापन

बैगन से गेहूं चुराते पकड़े गए आरोपियों के साथ आरपीएफ के अधिकारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीवान रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से गेहूं के बोरे चुरा रहे दो युवकों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी किए गए नौ बोरे भी बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 11,700 रुपये है. यह घटना आरपीएफ की सक्रियता का प्रमाण है.

विज्ञापन

Siwan News : सीवान रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से गेहूं के बोरे चोरी कर ले जा रहे दो युवकों को आरपीएफ की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. दोनों के पास से और मौके पर चोरी कर नीचे गिराये गये गेहूं के कुल नौ बोरे बरामद किये गये. बरामद गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 11,700 रुपये बतायी गयी है. कार्रवाई 14 सितंबर की रात करीब एक बजे की गयी.

विज्ञापन

मालगाड़ी का दरवाजा खोलकर नीचे गिरा रहे थे गेहूं के बोरे

आरपीएफ पोस्ट सीवान के अनुसार, पाली ड्यूटी टीम, सीपीडीएस टीम और अ.आ.सा., छपरा की संयुक्त टीम सीवान यार्ड में अपराध निगरानी कर रही थी. इसी दौरान यार्ड के लाइन नंबर छह पर खड़ी मालगाड़ी में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी. जांच करने पर पता चला कि मालगाड़ी के वैगन नंबर NER BCNASHM1/31042416863 का दरवाजा खोलकर उसमें लदे गेहूं के बोरे नीचे गिराये जा रहे थे.

मालगाड़ी सुभागपुर से दर्शना, बांग्लादेश जा रही थी. टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दो युवकों को पकड़ लिया.

एक पीठ पर तो दूसरा कंधे पर बोरा लेकर जा रहा था

आरपीएफ के अनुसार, पकड़े गये दोनों युवक चोरी किये गये गेहूं के बोरे लेकर जा रहे थे. एक युवक अपनी पीठ पर गेहूं का बोरा लादकर ले जा रहा था, जबकि दूसरा एक बोरा कंधे पर लेकर जा रहा था. दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद आसपास तलाशी लेने पर मालगाड़ी से नीचे गिराये गये अन्य गेहूं के बोरे भी बरामद हुए. कार्रवाई में कुल नौ बोरे बरामद किये गये.

लक्ष्मीपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार युवकों की पहचान विकेश कुमार (22), पुत्र परशुराम राम और किशोर राम (22), पुत्र दयाराम के रूप में हुई है. दोनों सीवान नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर के रहने वाले हैं.

आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में आरपीएफ के पाली प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नंद किशोर सिंह, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश मिश्रा और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल थे. सीपीडीएस टीम में सहायक उप निरीक्षक अवनीश राय, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र पांडे, कांस्टेबल विजय कुमार यादव और कांस्टेबल मुकेश साह शामिल रहे. वहीं अ.आ.सा., छपरा के हेड कांस्टेबल रामसूरत ने भी संयुक्त कार्रवाई में हिस्सा लिया.

आरपीएफ पोस्ट में दर्ज हुआ मामला

आरपीएफ पोस्ट सीवान में दोनों आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 11/2026 के तहत धारा 3 आरपी(यूपी) एक्ट में मामला दर्ज किया गया है. प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर मामले की जांच उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह करेंगे. दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन