सीवान में श्रवण शर्मा के अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, सड़क हादसे में गई थी जान

Updated:
विज्ञापन

रोते-बिलखते परिजन

सीवान के लद्दी गांव निवासी श्रवण कुमार शर्मा का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया. सड़क हादसे में हुई मौत के बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जबकि पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.

विज्ञापन

Siwan News: (विवेक कुमार सिंह) गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के लद्दी गांव निवासी श्रवण कुमार शर्मा का शव पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की सुबह गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया. सड़क हादसे में युवक की मौत से पहले ही गांव गमगीन था, लेकिन शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल और भी भावुक हो उठा.

आपके शहर में

विज्ञापन

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी लोगों की भीड़

श्रवण शर्मा के घर बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक पहुंचे. सभी ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किया और शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया. गांव में हर तरफ मातमी सन्नाटा पसरा रहा.

मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे श्रवण

जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम श्रवण कुमार शर्मा बाइक से जगदीशपुर की ओर एक रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सरारी गांव स्थित पीर बाबा के समीप अफराद-जामो मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

पेड़ से टकराई बाइक, मौके पर हुई मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भयावह था कि श्रवण शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव

सूचना मिलने पर गोरेयाकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

पति को पुकारती रहीं पत्नी पूनम देवी

मृतक की पत्नी पूनम देवी बेसुध होकर बार-बार अपने पति को पुकारती रहीं. गांव के लोगों ने किसी तरह परिजनों को संभाला. बाद में गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

सात भाइयों में सबसे छोटे थे श्रवण

ग्रामीणों ने बताया कि श्रवण शर्मा सात भाइयों में सबसे छोटे थे और स्वभाव से बेहद मिलनसार थे. वर्ष 2022 में उनकी शादी गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के आदमापुर टोला पोखरीपुर निवासी पूनम देवी से हुई थी. दंपती की कोई संतान नहीं थी.

ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की उठाई मांग

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

Also Read: अब समाहरणालय से होगी हर सोलर लाइट पर नजर, सीवान में 31 हजार से ज्यादा लाइटों की लाइव मॉनिटरिंग शुरू

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन