सीवान के महाराजगंज में भीषण सड़क हादसा, बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में तीन युवक घायल

Updated:
विज्ञापन
Accident

सांकेतिक तस्विर

सीवान जिले के महाराजगंज में आकाशी मोड़ पुल के पास बीती रात तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों का इलाज समय पर शुरू हो सका.

विज्ञापन

सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के आकाशी मोड़ पुल के समीप बीती रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई.

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पहल करते हुए सभी घायलों को सड़क से उठाया और इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों का इलाज समय पर शुरू हो सका.

अफराद गांव के रहने वाले हैं तीनों घायल युवक

हादसे में घायल युवकों की पहचान अफराद गांव निवासी मृत्युंजय साह के 26 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार, बिजेंद्र महतो के 22 वर्षीय पुत्र शेखर महतो और राजेंद्र प्रसाद साह के 25 वर्षीय पुत्र शंकर साह के रूप में हुई है. तीनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

दोस्त को ट्रेन पकड़वाने जा रहे थे युवक

घायलों ने बताया कि वे अपने साथी सोनू कुमार को दरौंदा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान आकाशी मोड़ पुल के पास सामने से आ रही ई-रिक्शा से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े.

ई-रिक्शा चालक को मामूली चोट, यातायात हुआ प्रभावित

टक्कर के बाद ई-रिक्शा भी सड़क किनारे पलट गई. हालांकि ई-रिक्शा चालक को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है. हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कराया गया.

तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि आकाशी मोड़ पुल के आसपास अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, गति नियंत्रण के उपाय करने और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है. समय पर मदद मिलने से घायलों का इलाज जल्द शुरू हो सका है और उनकी स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.


विज्ञापन
Afjal Anwar

लेखक के बारे में

By Afjal Anwar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन