ईद मिलादुन्नबी को लेकर सीवान में फ्लैग मार्च, डीएम और एसपी ने संभाली कमान
फ्लैग मार्च करते डीएम,एसपी व अन्य
ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सीवान में फ्लैग मार्च निकाला गया. डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोंनी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों पर गश्त की. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है.
Siwan Flag March: ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार की शाम सीवान शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. डीएम विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोंनी के नेतृत्व में निकाले गये फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए.
आपके शहर में
फ्लैग मार्च समाहरणालय से शुरू होकर थाना मोड़, बबुनिया मोड़, मखदूम सराय, तेलहट्टा बाजार, गल्ला पट्टी होते हुए पुन: थाना मोड़ पहुंचा. इसके बाद बड़ी मस्जिद, शांति वट, नया किला और कागजी मोहल्ला होते हुए फ्लैग मार्च जेपी चौक पहुंचकर समाप्त हुआ.
प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरा पुलिस बल
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों से जब पुलिस जवानों का दल गुजरा तो लोगों ने पुलिस की मौजूदगी की सराहना की. फ्लैग मार्च के माध्यम से असामाजिक और शरारती तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी.
डीएम ने की भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने आम लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें.
डीजे बजाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
एसपी भारत सोंनी ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का उपद्रव, विवाद या अवांछनीय गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसपी ने बताया कि जिले में डीजे जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है.
चौक-चौराहों पर तैनात रहेगी पुलिस
पर्व के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी. पुलिस की ओर से आम नागरिकों से पर्व को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गयी है.
पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को देने की अपील की है.
फ्लैग मार्च में नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू, महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक, मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए