सीवान: सिसवन में सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, तटबंधों पर बढ़ी चौकसी

Updated:
विज्ञापन

तटबंध का निरीक्षण करते आपदा विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network

सिसवन में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। स्थिति फिलहाल सामान्य है।

विज्ञापन

Siwan Flood Update : सिसवन प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 0.1 मीटर ऊपर पहुंच गया है. हालांकि फिलहाल क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है. संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तटबंधों की स्थिति का अधिकारियों ने लिया जायजा

तटबंधों की सुरक्षा को लेकर रविवार को आपदा विभाग के एडीएम इस्ताक अंसारी, स्थानीय सीओ उदयन सिंह समेत संबंधित अधिकारियों ने तटबंध का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने तटबंध की मजबूती, नदी के दबाव और संवेदनशील स्थानों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों से तटबंध की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली.

रिसाव वाले स्थानों पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य

निरीक्षण के दौरान तटबंध से जगह-जगह पानी रिसने की सूचना सामने आयी. इसके बाद संबंधित विभाग को संवेदनशील स्थानों पर तत्काल आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों के निर्देश के बाद रिसाव वाले स्थानों पर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है. प्रशासन की ओर से तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता का निर्देश

प्रशासन ने संबंधित कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. साथ ही किसी भी तरह की गड़बड़ी या तटबंध को नुकसान पहुंचने की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है. नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव पर भी प्रशासन नजर बनाए हुए है.

बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी

स्थानीय लोगों के अनुसार सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से नदी किनारे बसे इलाकों में चिंता बढ़ने लगी है. ग्रामीण तटबंध की मजबूती को लेकर लगातार नजर रख रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते रिसाव और कमजोर स्थानों की मरम्मत नहीं की गयी, तो जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में परेशानी बढ़ सकती है.

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

इधर, प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

बोले जिम्मेदार

जितेंद्र कुमार, जेइ, बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि सिसवन में सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से मामूली ऊपर है. एक स्थान पर तटबंध से पानी रिसने की सूचना मिलने के बाद संबंधित रिसाव वाले स्थानों पर मरम्मत करा दी गयी है. फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है.

उदयन सिंह, सीओ, सिसवन ने कहा कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद फिलहाल क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है और हालात सामान्य हैं. किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.

तटबंध का निरीक्षण करते आपदा विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
तटबंध का निरीक्षण करते आपदा विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन