सीवान में महावीरी झंडा जुलूस में उमड़ा आस्था का सैलाब, ड्रोन और CCTV से रही निगरानी

Updated:
विज्ञापन

फोटो: तख्ती दिखते बच्चे फोटो : अखाड़ा नं० 5 में झांकी प्रस्तुत करते फ़ोटो : हाफिजी चौक पर तैनात पुलिस फ़ोटो : लाठी से करतब दिखाते युवा | Prabhat Khabar Network

सीवान में महावीरी झंडा जुलूस धूमधाम से निकला। ड्रोन निगरानी और सुरक्षा के बीच शहर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से भक्तिमय हो गया।

विज्ञापन

Siwan News : शहर में रविवार को महावीरी झंडा मेले के अवसर पर विभिन्न अखाड़ों की ओर से पारंपरिक महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया. जुलूस के दौरान पूरा शहर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गूंजता रहा. शहर के अलग-अलग मोहल्लों से निकले अखाड़े शांति वटवृक्ष के पास एकत्र हुए. इसके बाद जुलूस लक्ष्मण रेखा, बड़ी मस्जिद, शहीद सराय, थाना रोड, दरबार रोड और जेपी चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ. इस दौरान युवाओं ने लाठी सहित विभिन्न पारंपरिक करतब दिखाये, वहीं धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

10 अखाड़ों ने निकाला पारंपरिक जुलूस

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शहर में कुल 10 अखाड़ों का जुलूस निकाला गया. अखाड़ा नंबर एक मखदुम सराय, दो धर्मसभा, तीन सोनार टोली, चार दखिन टोला, पांच नया बाजार, छह कसेरा टोली, सात मौलेश्वरी चौक, आठ कंघवारा, नौ श्रीनगर और दस महादेवा से जुलूस निकाला गया. सभी अखाड़े निर्धारित मार्ग से होते हुए गांधी मैदान पहुंचे.

जुलूस में सबसे आगे बजरंग बली की प्रतिमा थी, जिसके दोनों कंधों पर श्रीराम और लक्ष्मण विराजमान थे. इसके पीछे छोटी-बड़ी हनुमान प्रतिमाएं और विभिन्न धार्मिक झांकियां चल रही थीं. हनुमान का रूप धरे बाल कलाकार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे.

करतब देखने उमड़ी लोगों की भीड़

महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान युवाओं, नौजवानों और बुजुर्गों ने लाठी भांजकर अपने कला-कौशल का प्रदर्शन किया. अलग-अलग अखाड़ों के सदस्यों ने पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए शहर के मुख्य मार्गों पर लोगों की भीड़ जुटी रही. कई स्थानों पर लोग अपने घरों की छतों से जुलूस देख रहे थे, जबकि महिलाओं ने पुष्प वर्षा भी की.

अखाड़ा नंबर पांच सहित विभिन्न अखाड़ों की झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं. ‘होली खेले मशाने’ समेत अन्य प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे.

ड्रोन और CCTV से पूरे जुलूस पर नजर

महावीरी जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. शांतिवट वृक्ष से लेकर बड़ी मस्जिद, थाना रोड सहित विभिन्न इलाकों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की गयी. जुलूस के निर्धारित मार्गों पर CCTV कैमरे भी लगाये गये थे. बड़ी मस्जिद, शांतिवट वृक्ष, हाफिजी चौक, मौलेश्वरी चौक और नवलपुर सहित अन्य स्थानों पर लगे कैमरों से गतिविधियों पर नजर रखी गयी.

इसके अलावा सभी अखाड़ों की वीडियोग्राफी भी करायी गयी. उपद्रवियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस जवानों की भी तैनाती की गयी थी.

चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात

सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस की खुफिया टीम भी जुलूस के साथ चलती रही. बड़ी मस्जिद के आसपास CRPF के जवानों की विशेष तैनाती की गयी थी. करीब दो दर्जन जवानों को यहां लगाया गया था, जो अखाड़ों के जुलूस को लगातार आगे बढ़ाते रहे.

बड़ी मस्जिद के पास बना नियंत्रण कक्ष

मेले और जुलूस की निगरानी के लिए बड़ी मस्जिद के समीप मुख्य नियंत्रण कक्ष बनाया गया था. यहां डीएम विकास कुमार मीणा, एसपी भारत सोनी, एसडीओ आशुतोष गुप्ता समेत जिले के वरीय पदाधिकारी कैंप किये हुए थे. वहीं शांतिवट वृक्ष के पास भी नियंत्रण कक्ष बनाया गया था, जहां पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रही.

प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक सभी अखाड़ों को शहर से सुरक्षित तरीके से पार कराने में जुटे रहे.

हल्की चोट से कई लोग हुए घायल

अखाड़ों के दौरान युवाओं द्वारा किये गये शौर्य प्रदर्शन में हल्की चोट लगने से दर्जनों से अधिक लोग घायल हुए. किसी को लाठी लगी तो कुछ लोग करतब दिखाने के दौरान गिर गये. घायलों को तत्काल सदर अस्पताल और विभिन्न स्थानों पर बनाये गये मेडिकल कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया. गंभीर स्थिति वाले लोगों को अस्पताल भेजकर इलाज कराया गया.

जुलूस के कारण शहर में थमी वाहनों की रफ्तार

महावीरी अखाड़ा जुलूस के कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही. तरवारा मोड़ से गोपालगंज मोड़ तक वाहनों की रफ्तार थमी रही. अस्पताल रोड, स्टेशन रोड और बबुनिया रोड पर भी वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ. बड़े वाहनों के साथ छोटे वाहनों के प्रवेश में भी परेशानी हुई. कई लोग वैकल्पिक मार्गों से बाइक लेकर आते-जाते दिखे.

जुलूस के दौरान रात करीब 10 बजे तक शहर में बिजली आपूर्ति बाधित रही. इससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने में प्रशासन को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी.

गांधी मैदान समेत कई जगहों पर सजा मेला

महावीरी झंडा मेले को लेकर गांधी मैदान सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर अस्थायी दुकानें सजायी गयी थीं. जेपी चौक, दरबार रोड, अस्पताल रोड, कचहरी रोड सहित कई स्थानों पर मेला लगा रहा. लोगों ने आइसक्रीम, चाट, जलेबी, बर्गर, चाउमीन सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया.

बच्चों के लिए खिलौने, गुब्बारे और झूले आकर्षण का केंद्र रहे. सीमावर्ती गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मेला देखने और खरीदारी करने पहुंचे.

शराब पीकर घूमने वालों की भी हुई जांच

जिला प्रशासन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर शराब के नशे में घूमने वालों की जांच की. अत्यधिक नशे में नजर आने वाले लोगों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गयी. जांच अभियान को देखकर कई लोग वहां से निकलते नजर आये.

प्रशासन और केंद्रीय अखाड़ा समिति के बीच रहा समन्वय

महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन के साथ केंद्रीय अखाड़ा समिति के सदस्यों की भी भूमिका रही. समिति के सदस्य पूरे जुलूस के दौरान मौजूद रहे और व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय करते रहे. जिला प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन