सीवान: सहयोग शिविर में पंचायत स्तर पर सुनी गईं जनसमस्याएं, 30 दिनों में होगा सभी आवेदनों का निस्तारण
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'सहयोग शिविर' पहल के तहत पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनी गईं. जिलास्तरीय अधिकारियों ने मौके पर कई मामलों का समाधान किया और शेष आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का आश्वासन दिया. आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देने के लिए यह पहल शुरू की गई है.
Siwan News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल 'सहयोग शिविर' के तहत बुधवार को जिले की विभिन्न चिन्हित पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए. पंचायत स्तर पर लगाए गए इन शिविरों में जिलास्तरीय एवं प्रखंडस्तरीय अधिकारियों ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
जिला प्रशासन के अनुसार, आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देना तथा पंचायत स्तर पर ही विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा. निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. उन्होंने लोगों से आवेदन प्राप्त किए और कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया.
इस दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया. अधिकारियों ने लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, रैयतों को प्रपत्र-7 पर्चा सहित विभिन्न स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए.
लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर ही अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी समस्याओं के समाधान में आसानी हो रही है और सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है.
जिला प्रशासन ने बताया कि सहयोग शिविर में आवेदन देने के अलावा नागरिक राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. पोर्टल पर आवेदन की स्थिति की निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध है.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं तथा सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











