सीवान: विश्व जनसंख्या दिवस पर पखवाड़ा शुरू, परिवार नियोजन के साधनों की दी जानकारी

Author Anand Mishra|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
लाभार्थियों को संसाधन मुहैया कराते चिकित्सक व अन्य

लाभार्थियों को संसाधन मुहैया कराते चिकित्सक व अन्य

सीवान जिले में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है. इस अभियान का उद्देश्य योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित और प्रभावी साधनों के बारे में जानकारी देना है.

विज्ञापन

Siwan News: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया में 11 जुलाई से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया, जो 31 जुलाई तक चलेगा. इस विशेष पखवाड़े की शुरूआत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शाहीन खातून, डॉ हरि किशोर निराला और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अंजनी कुमार ने उपस्थित लाभार्थियों के बीच परिवार नियोजन से जुड़े विभिन्न जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर की.

योग्य दंपतियों को परामर्श

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रभात कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम गांव-गांव पहुंचकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित और प्रभावी साधनों की मुकम्मल जानकारी देगी. साथ ही, स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया जायेगा, जिसकी शुरूआत शनिवार को कर दी गयी है. अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता को बढ़ावा देना और ग्रामीणों को छोटे परिवार के विभिन्न स्वास्थ्य विकल्पों के प्रति जागरूक करना है.

भ्रांतियों को करेंगी दूर

डॉ प्रभात कुमार ने बताया कि आशा व एएनएम कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर छोटे परिवार के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावक बनने के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी. इस गृह भ्रमण के दौरान स्थायी और अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की वैज्ञानिक जानकारी देकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जाएगा. इसके साथ ही इच्छुक लाभार्थियों को संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं भी मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी.

मिलेगी नकद प्रोत्साहन राशि

इस अभियान के तहत महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी को सबसे अहम माना गया है. सरकार की ओर से महिला बंध्याकरण कराने वाली लाभार्थी महिला को दो हजार रुपये और पुरुष नसबंदी कराने वाले लाभार्थी पुरुष को तीन हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि सीधे बैंक खाते में दी जाती है. इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भनिरोधक सुई अंतरा, गर्भनिरोधक दवाई माला एन, छाया, कंडोम और कॉपर-टी आदि के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गयी.

उपकेन्द्रों पर भी सुविधाएं

चिकित्सा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी के जटिल ऑपरेशन को छोड़कर अन्य सभी प्राथमिक सुविधाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया के अलावा क्षेत्र के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर भी नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी. इस जागरूकता कार्यक्रम में परिवार नियोजन परामर्शी नीलोतम कुमार, जीएनएम डौली कुमारी, सोनी कुमारी, बसंती कुमारी, जैतून डेमटा, एएनएम आरती कुमारी, भारती कुमारी, अनामिका कुमारी तथा सपना कुमारी सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी मुख्य रूप से मौजूद थे.

Also Read: सीवान: जनता दरबार में दो भूमि विवादों का हुआ निपटारा, दो नए मामलों पर सुनवाई शुरू


विज्ञापन
Anand Mishra

लेखक के बारे में

By Anand Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन