सीवान में आज NEET UG पुनर्परीक्षा, 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश, सेंटर पर जाने से पहले समझ लें पूरी गाइडलाइन
नीट री-एग्जाम आज (सांकेतिक तस्वीर)
NEET Re-Exam 2026: सीवान में NEET UG पुनर्परीक्षा आज 12 केंद्रों पर होगी. 11 बजे से प्रवेश शुरू होगा, जबकि 1:30 बजे के बाद एंट्री बंद रहेगी. परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
सीवान से मनीष गिरी की रिपोर्ट
NEET Re-Exam 2026: पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित NEET UG पुनर्परीक्षा रविवार को सीवान जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. सभी केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है.
11 बजे से शुरू होगी एंट्री, 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा, लेकिन दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
प्रशासन का कहना है कि बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच, फ्रिस्किंग और अन्य औपचारिकताओं में समय लग सकता है. इसलिए अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र पर पहुंचें.

NEET Re-Exam 2026: हर परीक्षा केंद्र पर रहेगी कड़ी निगरानी
परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. इसके अलावा लाइव मॉनिटरिंग, जैमर और अन्य तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा.
जिला प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वरीय प्रशासनिक अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को रोका जा सके.
जिला नियंत्रण कक्ष से रखी जाएगी नजर
अंबेडकर परिसर स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा गया है. यहां से परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी. अभ्यर्थियों के प्रवेश, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, दस्तावेज जांच, सीटिंग प्लान, परीक्षा सामग्री के वितरण और संग्रहण सहित सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.
NEET Re-Exam 2026: अभ्यर्थियों से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से एनटीए द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. साथ ही किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने को कहा गया है.
हर केंद्र पर रखी जा रही निगरानी
प्रशासन का दावा है कि परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर केंद्र पर अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे.
क्या है खास
- सीवान के 12 केंद्रों पर होगी NEET UG पुनर्परीक्षा
- दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी परीक्षा
- सुबह 11 बजे से शुरू होगी एंट्री
- 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
- सीसीटीवी, जैमर और पुलिस बल की विशेष व्यवस्था
- जिला नियंत्रण कक्ष से होगी लाइव मॉनिटरिंग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए