सीवान: नौतन सब्जी मंडी में जलजमाव से परेशानी, गंदे पानी और दुर्गंध के बीच खरीद-बिक्री को मजबूर दुकानदार
नौतन सब्जी मंडी में जमा नाले बरसात की पानी की फोटो | Prabhat Khabar Network
नौतन प्रखंड मुख्यालय की सब्जी मंडी में जलजमाव और गंदगी से दुकानदार व ग्राहक परेशान हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Siwan News : नौतन प्रखंड मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी इन दिनों बदहाली का दंश झेल रही है. थोड़ी सी बारिश होते ही मंडी परिसर में आसपास की नालियों का गंदा और बदबूदार पानी जमा हो जाता है. इससे सब्जी खरीदने और बेचने आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश के बाद नारकीय हो जाती है स्थिति
मंडी के दुकानदारों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है. गंदे पानी और दुर्गंध के बीच दुकानदारों को दुकानें लगानी पड़ती हैं. वहीं, ग्राहकों को भी नाक पर रूमाल रखकर सब्जी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है.
दुकानदारों के अनुसार, मंडी परिसर में जलजमाव के कारण आने-जाने में भी परेशानी होती है. गंदे पानी के बीच से होकर ग्राहकों और दुकानदारों को गुजरना पड़ता है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बनी रहती है.
हर साल बरसात में होती है परेशानी
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, मंडी में जलजमाव की समस्या कोई नई नहीं है. हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
दुकानदारों का कहना है कि जिला परिषद की ओर से इस सब्जी मंडी की डाक लाखों रुपये में होती है. इसके बावजूद मंडी में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. खासकर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में दुकानदारों और ग्राहकों की परेशानी बढ़ जाती है.
नाला निर्माण और स्थायी जल निकासी की मांग
दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मंडी का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. उन्होंने मंडी परिसर में नाला निर्माण कराने के साथ नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी, तो बरसात के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है. दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द पहल कर मंडी को जलजमाव और गंदगी की समस्या से मुक्त कराने की मांग की है.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए