सीवान: जोरदार धमाके के साथ मकान पर गिरा आकाशीय पिंड, छत में दरार और बिजली उपकरण जले
फोटो :आकाशीय पिंड से क्षतिग्रस्त मकान का छत | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर हाट के सोंधानी गांव में आकाशीय पिंड गिरने से सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को भारी नुकसान हुआ है। बिजली के उपकरण जलने से एक लाख से अधिक की क्षति हुई है।
Siwan News : भगवानपुर हाट प्रखंड के सोंधानी गांव में शनिवार को तेज बादल गरजने के दौरान आकाशीय पिंड गिरने जैसी घटना से सेवानिवृत्त शिक्षक परशुराम सिंह का बहुमंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के समय हुए जोरदार धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. मकान की ऊपरी मंजिल की छत में दरार पड़ गयी, जबकि रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गयी. अचानक हुए हादसे से परिवार के लोग सहम गये और घर में अफरा-तफरी मच गयी.
आपके शहर में
धमाके के बाद घर के बिजली उपकरण हुए खराब
घटना के बाद मकान की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी. आकाशीय पिंड के प्रभाव से घर में लगे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गये. इनमें टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे समेत अन्य घरेलू विद्युत उपकरण शामिल हैं. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को एक लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है.
लगा जैसे पूरा मकान हिल गया
परिवार के सदस्य पप्पू सिंह ने बताया कि घटना के समय तेज गर्जना के साथ अचानक जोरदार धमाका हुआ. आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा मानो पूरा मकान हिल गया हो. धमाके के बाद घर के अधिकांश बिजली उपकरण बंद हो गये. बाद में जांच करने पर कई उपकरण जले हुए मिले. घटना के बाद परिवार के सदस्य काफी देर तक भयभीत रहे.
मकान के पीछे लगा ट्रांसफार्मर भी हुआ प्रभावित
आकाशीय पिंड गिरने का असर केवल मकान तक सीमित नहीं रहा. मकान के पीछे लगा बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हो गया, जिससे आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को तेज गर्जना और बिजली गिरने की घटनाओं के कारण भगवानपुर, महमदपुर, चक्रवृद्धि, सहसरांव सहित कई गांवों के ट्रांसफार्मर भी जल गये. इससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप है.
तेज गर्जना होते ही घरों में दुबक जाते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि तेज बादल गरजने के दौरान गांव में डर का माहौल बन जाता है. लोग अनहोनी की आशंका से घरों से बाहर निकलने से बचते हैं. शनिवार की घटना के बाद ग्रामीणों में आकाशीय बिजली और तेज गर्जना को लेकर भय और बढ़ गया है.
ट्रांसफार्मर बदलने और मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से प्रभावित ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही आकाशीय घटना में प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग ग्रामीणों ने की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए