सीवान: महाराजगंज में बढ़ेगा नगर पंचायत का दायरा, कई गांवों की बदलेगी पहचान; 9 सितंबर को होगी अहम बैठक

Updated:
विज्ञापन

फोटो : नगर पंचायत महाराजगंज | Prabhat Khabar Network

महाराजगंज नगर पंचायत के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासन आसपास के गांवों को शहरी सीमा में शामिल करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

विज्ञापन

Siwan News : महाराजगंज नगर पंचायत की सीमा बढ़ाने की तैयारी ने अब जोर पकड़ लिया है. नगर पंचायत के विस्तार के बाद आसपास के कई गांवों की पहचान ग्रामीण से शहरी क्षेत्र के रूप में बदल सकती है. खेत-खलिहान से लेकर घरों और आबादी वाले इलाके नगर पंचायत के दायरे में आ सकते हैं. प्रशासन ने आसपास के गांवों और पंचायतों को शहरी क्षेत्र में शामिल करने के प्रस्ताव को लेकर जरूरी ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है. प्रस्ताव तय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ता है तो महाराजगंज की सीमा के साथ आबादी और शहरी क्षेत्र का स्वरूप भी बदल सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

विस्तार की तैयारी को लेकर हुई समीक्षा बैठक

नगर पंचायत के विस्तार और उत्क्रमण की तैयारी को लेकर उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में नगर पंचायत के विस्तार और उत्क्रमण से जुड़े प्रस्ताव की तैयारी की प्रगति पर चर्चा की गयी. अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी भी तय की गयी.

बैठक में गांव-पंचायत, राजस्व गांव, आबादी, कृषि आधारित कार्यशील जनसंख्या और नगर पंचायत की मौजूदा सीमा से जुड़े आंकड़े जुटाने पर विशेष जोर दिया गया. बैठक के बाद महाराजगंज नगर पंचायत के विस्तार और उत्क्रमण का प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे उप विकास आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.

महाराजगंज और दरौंदा अंचल के गांवों की हो रही पहचान

प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र में महाराजगंज और दरौंदा अंचल के गांवों एवं पंचायतों की पहचान की जा रही है. इसमें यह तय किया जाएगा कि कौन-सी पंचायत पूरी तरह और कौन-सी पंचायत आंशिक रूप से नगर पंचायत के दायरे में शामिल हो सकती है. इसके लिए अलग-अलग सूची तैयार की जाएगी.

राजस्व गांवों के साथ उनकी थाना संख्या का भी सत्यापन किया जाएगा. इससे विस्तार की स्थिति में नगर पंचायत की नई चौहद्दी किन इलाकों तक पहुंच सकती है, इसकी स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.

गूगल मैप पर दिखाई जाएगी प्रस्तावित नई चौहद्दी

नगर पंचायत की सीमा में नए गांवों के शामिल होने से उनके प्रशासनिक और शहरी स्वरूप में भी बदलाव आ सकता है. प्रस्तावित इलाकों की नई सीमा तय करने के साथ नक्शे पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि कौन-सा क्षेत्र मौजूदा नगर पंचायत में है और कौन-सा क्षेत्र विस्तार के बाद इसमें शामिल हो सकता है.

एओ साइज के गूगल मैप पर मकान, आबादी और नगर पंचायत की चौहद्दी को अलग-अलग दिखाने की तैयारी है. इसके लिए एनआईसी, टाउन प्लानर और आर्किटेक्ट की मदद ली जाएगी. इससे प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र का भौगोलिक स्वरूप भी स्पष्ट किया जा सकेगा.

आबादी और खेती से जुड़े आंकड़े होंगे अहम

विस्तार के बाद प्रस्तावित नगर क्षेत्र की कुल आबादी कितनी होगी, इसका आकलन वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा. इसके लिए जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को आवश्यक आंकड़े तैयार करने की जिम्मेदारी दी गयी है.

इसके अलावा कार्यशील आबादी में खेती-किसानी से जुड़े लोगों का प्रतिशत भी निकाला जाएगा. आबादी और रोजगार के स्वरूप से जुड़े ये आंकड़े नगर निकाय के दर्जे और प्रस्ताव की स्वीकार्यता के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

विस्तार के बाद नगर परिषद बनने की भी संभावना

महाराजगंज नगर पंचायत के क्षेत्र विस्तार के साथ इसके उत्क्रमण की संभावना पर भी चर्चा हो रही है. यदि विस्तार के बाद आबादी और अन्य निर्धारित मानक पूरे होते हैं तो नगर पंचायत को नगर परिषद में बदलने का रास्ता खुल सकता है.

हालांकि, अभी इसे अंतिम निर्णय नहीं माना जा सकता है. नगर पंचायत के उत्क्रमण को लेकर प्रस्ताव की समीक्षा और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल प्रशासन का फोकस विस्तार और उत्क्रमण से जुड़े आंकड़ों को जुटाकर प्रस्ताव तैयार करने पर है.

9 सितंबर को अंबेडकर भवन में होगी अहम बैठक

नगर निकायों के पुनर्गठन, विस्तार, उत्क्रमण और नए गठन से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा के लिए 9 सितंबर को अंबेडकर भवन, सीवान में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक प्रस्तावित है. बैठक सुबह 11 बजे होगी. इसमें पर्यटन मंत्री सह सीवान के प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी.

महाराजगंज नगर पंचायत के विस्तार और उत्क्रमण से जुड़ा प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा. इसके बाद प्रस्ताव को लेकर आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है.

छह समितियां कर रहीं तैयारियों की निगरानी

प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले गांव, पंचायत, आबादी और कृषि से जुड़े आंकड़ों का सत्यापन कराया जा रहा है. जिला प्रशासन ने बैठक की तैयारियों और संबंधित कार्यों की निगरानी के लिए छह समितियां गठित की हैं.

संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और प्रतिदिन शाम छह बजे तक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे उप विकास आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. इसके बाद जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षा में महाराजगंज नगर पंचायत के विस्तार और उत्क्रमण को लेकर आगे की दिशा तय होगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन