सीवान के महाराजगंज में श्री मौनिया बाबा राजकीय महोत्सव की धूम, लोकगीत-संगीत पर झूमे दर्शक, अखाड़ाधारी सम्मानित
कार्यक्रम का उद्घाटन करते सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल
अनुमंडल मुख्यालय में श्री मौनिया बाबा राजकीय महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें लोकगीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. कलाकारों ने बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की, जबकि छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
Shri Maunia Baba Rajkiya Mahotsav: अनुमंडल मुख्यालय स्थित यूएससीडी डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को श्री मौनिया बाबा राजकीय महोत्सव के तहत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कला एवं संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने लोकगीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से बिहार की माटी की खुशबू और लोक संस्कृति की समृद्ध झलक प्रस्तुत की.
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक हेम नारायण साह, डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी, एडीएम प्रमोद कुमार राम, डीडीसी अमिताभ कुमार और एसडीओ अनीता सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि श्री मौनिया बाबा सिद्ध संत थे और उनकी महिमा की ख्याति पूरे देश में फैली हुई है. उनकी समाधि स्थल पर लगने वाला मेला राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है. राजकीय दर्जा मिलने के बाद मेले की भव्यता और रौनक में वृद्धि हुई है. साथ ही, महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी प्राथमिकता दी जा रही है.
विधायक हेम नारायण साह ने कहा कि श्री मौनिया बाबा घर-घर में पूजे जाते हैं. उनकी समाधि पर हर जाति, धर्म और संप्रदाय के लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं. उन्हें गौरक्षक के रूप में भी जाना जाता है. कार्यक्रम को डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी और एडीएम प्रमोद कुमार राम ने भी संबोधित किया.
छात्रों ने भी दी शानदार प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. एसकेजेआर हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा की प्रस्तुति दी. आद्या उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के बच्चों ने मौनिया बाबा पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया.
उच्च माध्यमिक विद्यालय देवरिया के बच्चों ने ‘इहा जन्मली सीता मइया’, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ने ‘जहां जन्मली सीता मइया’ और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय टाइप-1 ने ‘भादों बदरिया छाई’ की प्रस्तुति दी. प्राथमिक विद्यालय सिहोता की छात्राओं ने ‘कइसे खेले जईबु सावन के कजरिया’ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं. बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.

लोक कलाकारों ने बिखेरी बिहार की लोक संस्कृति की छटा
लोक कलाकार मनन गिरि मधुकर, अमरजीत लाल, बिनोद कुमार मिश्रा, रमेश सजल, अलका कुमारी, मंटू बाबू, नेहा कुमारी, धनजी कुमार, बबली डे समूह, नंदनी मिश्रा, रितावी क्लास, पवन कुमार यादव, सोनम मिश्रा और रामेश्वर गोप ने लोक गायन एवं नृत्य से समां बांध दिया.
कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को बिहार की लोक परंपरा, संस्कृति और गौरव गाथा से परिचित कराया. लोकगीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजायीं.
अखाड़ाधारियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मौनिया बाबा मेला में शामिल विभिन्न अखाड़ों के अखाड़ाधारियों को सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में नागा बाबा अखाड़ा के रामबाबू प्रसाद, नवयुवक अखाड़ा के प्रवीण कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुकेश कुमार, इंदौली अखाड़ा के अजय कुमार सिंह, रामापाली के जय किशोर महतो, प्रधान अखाड़ा के मदन प्रसाद, आजाद अखाड़ा के ब्रजेश कुमार, पसनौली के अमित कुमार सिंह, धनछुहा के रंजन सिंह, कपिया निजामत के शंभुनाथ तिवारी, करसौत के जय प्रकाश किशोर सिंह, कोथुआ सारंगपुर के उपेंद्र कुमार दुबे, झझवा के ललन प्रसाद, नवलपुर के भगवती शरण सिंह, बैदापुर विशुनपुरा के श्याम बिहारी प्रसाद, अभुई के जय प्रकाश गुप्ता, सवान विग्रह के मुकेश सिंह, पकवलिया के सुनिस्पन कुमार सिंह, उजाय के राजीव कुमार उर्फ बड़कू सिंह, रुकुन्दीपुर के रविंद्र सिंह, बंगरा के विनोद सिंह और बेला गोविंदापुर अखाड़ा के लाइसेंसधारी परमानंद यादव शामिल रहे.
सरकारी योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों और समूहों की ओर से स्टॉल लगाये गये थे. कृषि विभाग, जीविका, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के स्टॉल पर लोगों की भीड़ रही. स्टॉल के माध्यम से पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी.
इसके अलावा लघु एवं कुटीर उद्योग तथा खेती-बारी से जुड़े उत्पादों की जानकारी भी लोगों को दी गयी. महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए