सीवान: बसंतपुर में करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, मक्के के खेत में तार से किया गया था घेराव
कैप्शन - लहेजी में मृतक के रोते-बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
बसंतपुर के लहेजी गांव में खेत में लगे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Siwan News : बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक की पहचान लहेजी गांव निवासी दीनानाथ मांझी के रूप में हुई है. बताया गया कि मक्के की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर तार से घेराबंदी की गयी थी, जिसमें करंट प्रवाहित था. इसी तार की चपेट में आने से दीनानाथ मांझी की मौके पर ही मौत हो गयी.
आपके शहर में
शौच के लिए निकले थे दीनानाथ मांझी
बताया गया कि रविवार को दीनानाथ मांझी शौच के लिए घर से निकले थे. घर के पीछे स्थित मक्के के खेत के समीप पहुंचने के दौरान वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गये. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उनकी खोजबीन में जुट गये.
खोजबीन के दौरान खेत में मिला शव
परिजन और ग्रामीण जब मक्के के खेत की ओर पहुंचे, तो वहां दीनानाथ मांझी का शव पड़ा मिला. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. इसी दौरान एक युवक शव को उठाने के लिए आगे बढ़ा, तो उसे भी करंट का झटका लग गया. हालांकि युवक की स्थिति सामान्य बतायी जा रही है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. करंट प्रवाहित तार खेत के आसपास किस तरह लगाया गया था और उसमें बिजली कैसे पहुंची, इसकी भी जांच की जा रही है.
पहले ही बेटे की हो चुकी है हत्या
बताया गया कि दीनानाथ मांझी का अब कोई संतान नहीं था. उनका एक पुत्र था, जिसकी पूर्व में कोलकाता में हत्या कर दी गयी थी. इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पति की मौत से पत्नी नैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दीनानाथ मांझी की मौत की खबर के बाद उनके भाई सत्येंद्र मांझी, वीरेंद्र मांझी, रीता देवी, सुगी देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों के बीच खेत में करंट प्रवाहित तार लगाए जाने को लेकर भी चिंता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए