बंद के बाद सीवान में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद, ऑनलाइन भुगतान और कारोबार प्रभावित

Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

Siwan News : सीवान में शनिवार को हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी. इससे ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग और व्यापारियों के कारोबार पर गंभीर प्रभाव पड़ा है. जानें कब बहाल होगी सेवा.

विज्ञापन

Siwan News : शहर में शनिवार को बंद के दौरान हुए बवाल और पथराव की घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार रात जिले में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद करा दी. इंटरनेट सेवा बाधित होने से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. लोग लगातार यह जानने की कोशिश करते रहे कि इंटरनेट सेवा कब बहाल होगी.

ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था पर पड़ा सबसे अधिक असर

इंटरनेट सेवा बंद होने का सबसे अधिक प्रभाव ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था पर पड़ा. बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने में दिक्कत हुई. कई दुकानों पर नकदी नहीं होने के कारण ग्राहक सामान खरीदे बिना लौट गए. व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान समय में अधिकांश लेन-देन ऑनलाइन माध्यम से होता है. ऐसे में इंटरनेट बंद रहने से कारोबार प्रभावित हुआ और कई दुकानों की बिक्री भी कम रही.

बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाएं भी हुईं प्रभावित

इंटरनेट बंद होने से बैंकिंग सेवाओं, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, मोबाइल रिचार्ज, ई-कॉमर्स और अन्य इंटरनेट आधारित सेवाओं का उपयोग करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के जरूरी ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित हुए.

बहाली का इंतजार करते रहे लोग

रविवार सुबह से ही लोग एक-दूसरे से इंटरनेट सेवा बहाल होने की जानकारी लेते रहे. कई लोग बार-बार अपने मोबाइल फोन में नेटवर्क और इंटरनेट की स्थिति जांचते रहे. शहर के विभिन्न इलाकों में पूरे दिन इंटरनेट सेवा बंद रहने की चर्चा होती रही.

अफवाहों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया कदम

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों के प्रसार पर रोक लगाने के उद्देश्य से एहतियातन इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बाधित की गई थी. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने, किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की. साथ ही उम्मीद जताई गई कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद इंटरनेट सेवा जल्द बहाल कर दी जाएगी.

Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य



विज्ञापन
पंकज कुमार

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन