सीवान में अनियंत्रित हैवी वाहन की चपेट में आया बाइक सवार युवक, इलाज के दौरान मौत
मृतक अमन कुमार सिंह का फाइल फोटो
हुसैनगंज के पास अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार युवक अमन कुमार को कुचल दिया. इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है.
Siwan Road Accident: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर बाजार के समीप शुक्रवार की रात करीब नौ बजे अनियंत्रित हैवी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उसे इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के तेघड़ा निवासी हार्डवेयर व्यवसायी मंगल सिंह के पुत्र अमन कुमार सिंह के रूप में हुई है.
व्यवसाय के सिलसिले में निकले थे अमन
बताया जाता है कि अमन कुमार सिंह व्यवसाय के सिलसिले में ग्रामीण क्षेत्र में व्यवसायियों से संपर्क करने के लिए बाइक से निकले थे. शुक्रवार की रात काम निपटाकर वह बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोपालपुर बाजार के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित हैवी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने अमन के मोबाइल से उनके परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल अमन को लेकर सीवान सदर अस्पताल पहुंचे. चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है. पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए