सीवान: महाराजगंज में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, जलजमाव ने खोली नगर पंचायत की पोल

Author Afjal anwar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
दो दिन से रुक-रुक हो रही बारिश से किसान खुश, विधुत व्यवस्था फेल

सीवान में लगातार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है. शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है.

विज्ञापन

Siwan News: महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार दोपहर से शुरू हुई बारिश सोमवार दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही. लगातार हुई मूसलाधार बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. वहीं, इस बारिश ने एक ओर किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी तो दूसरी ओर नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी.

लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया. पुरानी बाजार, मोहन बाजार, राजेंद्र चौक, बैंक चौक और नया बाजार की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

दुकानों में घुसा पानी, बिजली व्यवस्था भी रही ठप

सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के कारण लोग जहां-तहां रुककर बारिश थमने का इंतजार करते रहे. जरूरी काम से निकले कई लोग भीगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे.

बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों के सामान भीगकर खराब हो गए. वहीं, रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए और कई घरों में अंधेरा छाया रहा. ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पूरी रात बिजली बहाल होने का इंतजार करना पड़ा.

बारिश में बह गए नगर पंचायत के दावे

बरसात से पहले नगर पंचायत ने नालों और नालियों की सफाई तथा जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे किए थे. इसके लिए अभियान चलाकर राशि भी खर्च की गई थी. लेकिन पहली तेज बारिश में ही शहर की सड़कों पर जलजमाव ने इन दावों की पोल खोल दी.

शहर के कई वार्डों में नालियां ओवरफ्लो हो गईं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश नालियों की सफाई केवल खानापूर्ति साबित हुई. कई स्थानों पर नालियां अवरुद्ध हैं, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है. कुछ मोहल्लों में घरों के सामने पानी जमा हो गया, जबकि कई घरों में पानी घुसने की नौबत आ गई.

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि बरसात से पहले ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी ढंग से दुरुस्त किया गया होता तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती.

किसानों के लिए बारिश बनी राहत

लगातार हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है. पर्याप्त पानी मिलने से धान की रोपनी में तेजी आ गई है. खेतों में पानी भर जाने के बाद किसान रोपाई कार्य में जुट गए हैं.

किसान जयमोहन सिंह, कृष्णा यादव और राजकिशोर सिंह ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश हुई है, जिससे धान की खेती के लिए अनुकूल स्थिति बन गई है. अब रोपनी तेजी से पूरी होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


विज्ञापन
Afjal Anwar

लेखक के बारे में

By Afjal Anwar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन